लंदन। पुर्तगाल के फुटबाल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पूर्व प्रेमिका नेरेडा गालाडरे ने दावा किया है कि जून में जन्मे रोनाल्डो के बच्चे की मां एक ब्रिटिश किशोरी है। समाचार पत्र 'डेली स्टार' में मंगलवार को प्रकाशित खबर के मुताबिक गालाडरे ने एक स्पेनिश टेलीविजन चैनल को दिए गए साक्षात्कार में इस बात का खुलासा किया है। गालाडरे और रोनाल्डो के बीच आठ माह तक प्रेम संबंध रहा था।
पत्र के मुताबिक 27 वर्षीया गालाडरे ने हालांकि रोनाल्डो के बच्चे की कथित मां का नाम उजागर नहीं किया लेकिन इतना जरूर कहा कि वह लंदन के एक कॉलेज में पढ़ती है।
पत्र ने गालाडरे के हवाले से लिखा है, "मैंने उस किशोरी से सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट फेसबुक पर संपर्क किया था। उसने बताया कि वह लंदन के एक कॉलेज मे पढ़ती है लेकिन रोनाल्डो के बच्चे की मां बनने के बाद वह अब अमेरिका में रहती है। " गालाडरे ने कहा कि वह इस बात को लेकर हैरान नहीं हैं कि रोनाल्डो एक ही मुलाकात के बाद पिता बन गए क्योंकि उन्हें कभी भी कॉन्डोम लगाना पसंद नहीं रहा है।
गालाडरे के मुताबिक उस किशोरी ने उन्हें बताया कि उसने रोनाल्डो के साथ एक गुप्त समझौता किया है। इस समझौते के तहत वह कभी भी यह दावा नहीं कर सकती कि वह फुटबाल स्टार के बच्चे की मां है।
दक्षिण अफ्रीका में आयोजित फीफा विश्व कप-2010 के बाद रोनाल्डो ने सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट ट्विटर के जरिए खुद के पिता बनने की बात सार्वजनिक की थी। रोनाल्डो ने कहा था कि उनके बच्चे के बारे में उनकी मां और बहनों को भी जानकारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।