बट्ट ने कहा, "यूसुफ विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। हमें उनकी जरूरत है। वह तीसरे टेस्ट मैच के लिए हमें अपनी सेवाएं देंगे।"
बट्ट ने हालांकि अंतिम-11 सदस्यों के नामों की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि इसका फैसला मंगलवार दोपहर को होने वाले अभ्यास सत्र के बाद किया जाएगा।
यूसुफ को पहले टेस्ट मैच में टीम को मिली करारी शिकस्त के बाद इंग्लैंड बुलाया गया था लेकिन इसके बावजूद वह बर्मिघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किए गए थे। पाकिस्तानी टीम वह मैच भी बुरी तरह हार गई थी।
तीसरे टेस्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज जुल्कारनैन हैदर भी नहीं खेल पाएंगे। बट्ट ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में बल्लेबाजी के दौरान हैदर की अंगुली टूट गई थी और इसी कारण वह तीसरे मैच में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
बट्ट ने कहा, "हैदर की चोट गंभीर है। हम उनके हाथ का विशेषज्ञ से जांच कराएंगे। यह काम बुधवार को होगा। इसके बाद उन्हें स्वदेश भेजा जाएगा। उनके स्थानापन्न के लिए निवेदन नहीं किया गया है।"
बट्ट के मुताबिक हैदर की अनुपस्थिति में कामरान अकमल विकेट के पीछे की जिम्मेदारी संभालेंगे। कामरान को खराब बल्लेबाजी के कारण दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम से बाहर रखा गया था।
चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में मेहमान टीम 0-2 से पिछड़ रही है। उसे ट्रेंट ब्रिज में खेले गए पहले टेस्ट मैच में करारी शिकस्त खानी पड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।