यही नहीं, क्रिकेट श्रीलंका (एसएलसी) ने जुर्माने के तौर पर रणदीव की पूरी मैच फीस काट ली। इसके अलावा कप्तान कुमार संगकारा को चेतावनी दी गई और इस विवादास्पद घटना में शामिल तिलकरत्ने दिलशान की भी पूरी मैच फीस काट ली गई।
सोमवार को दाम्बुला में खेले गए त्रिकोणीय श्रृंखला मुकाबले में रणदीव ने जो नो-बॉल फेंकी थी, उसकी वजह से सहवाग अपने 13वें शतक से मात्र एक रन से चूक गए थे। इसे लेकर काफी विवाद भी हुआ था।
रणदीव के अलावा क्रिकेट श्रीलंका ने इसके लिए सहवाग से माफी मांग ली थी और साथ ही मामले की जांच के आदेश भी दे दिए थे। जांच की रिपोर्ट के आधार पर ही रणदीव पर एक मैच का प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। अब वह गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे।
शुरुआत में कहा जा रहा था कि रणदीव ने कप्तान के कहने पर ही ऐसा किया है लेकिन बुधवार को श्रीलंकाई मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक रणदीव ने कप्तान के कहने पर नहीं बल्कि दिलशान के कहने पर नो-बॉल फेंकी थी।
रणदीव की नो-बॉल पर सहवाग ने छक्का जड़ा था, लेकिन उस छक्के को स्कोर में शामिल नहीं किया गया, क्योंकि नो-बॉल पर मिले एक रन से भारतीय टीम मैच जीत गई थी। इस तरह 99 रनों के स्कोर पर खेल रहे सहवाग शतक लगाने से महरूम रह गए थे।
क्रिकेट श्रीलंका ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए थे। साथ ही एसएलसी के सचिव निशांत रणातुंगा ने मैच के अगले दिन भारतीय टीम प्रबंधक रंजीब बिस्वाल को बुलाकर इस घटना के लिए खेद जताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।