त्रिकोणीय श्रृंखला : बारिश जारी, मैच का फैसला रात 8 बजे (लीड-2)
टॉस तक दाम्बुला में मौसम बिल्कुल साफ था लेकिन उसके बाद भारी बारिश शुरू हो गई। इसे देखते हुए मैदान को पूरी तरह ढक दिया गया। समय बीतता गया लेकिन बारिश की आंखमिचौली जारी रही।
अब रात 8.17 बजे मैच के भाग्य का फैसला किया जाएगा। यह मैच अगर गुरुवार को शुरू नहीं हो सका तो फिर शुक्रवार को नए सिरे से टॉस किया जाएगा।
रॉस टेलर की कप्तानी में खेल रही न्यूजीलैंड टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। श्रीलंका का यह तीसरा मैच है जबकि न्यूजीलैंड की टीम भी तीसरा मैच खेल रही है।
मेहमान टीम को अपने पहले मैच में भारत पर 200 रनों से शानदार जीत मिली थी लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे श्रीलंका ने पराजित किया था।
दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम भारत के खिलाफ अपना मुकाबला हार चुकी है। उसके खाते में भी एक जीत दर्ज है। इस लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए फाइनल में स्थान बनाने का रास्ता खोलने वाला है।
यह 1000वां अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच है। अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट ने 39 वर्ष आठ महीने के बाद 1000 मैचों का सफर पूरा किया है।
पहला एकदिवसीय मैच पांच जनवरी, 1970 को आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में खेला गया था। 40 ओवर तक सीमित उस मैच में आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड पर पांच विकेट से जीत हासिल की थी।
भारतीय क्रिकेट टीम ने इस दौरान सर्वाधिक 750 मैच खेले हैं जबकि 747 मैचों के साथ आस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है। आस्ट्रेलिया ने सर्वाधिक 463 मैच जीते हैं जबकि 718 मैचों में 383 जीत के साथ पाकिस्तान दूसरे क्रम पर है। भारत को 364 मैचों में जीत हासिल हुई है।
इस दौरान बांग्लादेश ने 230, इंग्लैंड ने 537, केन्या ने 133, न्यूजीलैंड ने 587, दक्षिण अफ्रीका ने 439, श्रीलंका ने 610, वेस्टइंडीज ने 637 और जिंबाब्वे ने 377 मैच खेले हैं। सर्वाधिक हार का रिकार्ड भारत के नाम है।
भारतीय टीम ने अब तक 349 मैच गंवाए हैं जबकि आस्ट्रेलिया ने 252, बांग्लादेश ने 171, इंग्लैंड ने 254, केन्या ने 92, न्यूजीलैंड ने 295, पाकिस्तान ने 314, दक्षिण अफ्रीका ने 149, श्रीलंका ने 299, वेस्टइंडीज ने 274 और जिंबाब्वे ने 265 मैच गंवाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications