त्रिकोणीय श्रृंखला : भारत को दूसरा झटका, 50 रन पूरे (लीड-2)
भारत का पहला विकेट शून्य के कुल योग पर गिरा। सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक खाता खोले बगैर केइल मिल्स की गेंद पर गारेथ हॉपकिंस के हाथों विकेट के पीछे लपके गए। कार्तिक का विकेट मैच की तीसरी गेंद पर गिरा।
इसके बाद कुल योग में 27 रन जुड़े थे कि रोहित शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए विराट कोहली निराशाजनक ढंग से टिम साउदी की गेंद पर हॉपकिंस के हाथों लपके गए। कोहली आठ रन बना सके।
भारतीय टीम ने 11 ओवरों की समाप्ति तक दो विकेट खोकर 60 रन बना लिए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने 32 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौकों की मदद से 42 रन बनाए हैं जबकि युवराज सिंह छह रन बनाकर खेल रहे हैं।
सहवाग ने केइल मिल्स के ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर एकदिवसीय मैचों में 1000 चौके पूरे किए। ऐसा करने वाले वह सातवें बल्लेबाज हैं। एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक चौके लगाने का रिकार्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है। तेंदुलकर ने 442 मैचों में अब तक 1927 चौके लगाए हैं।
श्रीलंका के दिग्गज सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या इस क्रम में दूसरे स्थान पर हैं। जयसूर्या के नाम 444 मैचों में 1500 चौके हैं। जयसूर्या ने सर्वाधिक 270 छक्के लगाए हैं। छक्के लगाने के मामले में 200 का आंकड़ा पार करने वाले वह एकमात्र बल्लेबाज हैं।
1000 से अधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में आस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग (1164) तीसरे, आस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (1162) चौथे, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (1122) पांचवें और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा (1035) छठे क्रम पर हैं।
बहरहाल, 'करो या मरो' की स्थिति में पड़ीं दोनों टीमें यह मैच जीतकर फाइनल खेलने का अधिकार हासिल करने की कोशिश करेंगी। मेजबान श्रीलंका की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।
भारत ने अब तक एक मैच जीता है जबकि दो में उसे हार मिली है। उसने श्रीलंका को पराजित किया था। श्रृंखला के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने उसे 200 रनों से पराजित किया था। इसके बाद भारतीय टीम को श्रीलंका के हाथों हार मिली थी।
कीवी टीम ने भारत को हराने के अलावा श्रीलंका के खिलाफ हार का मुंह देखा है जबकि श्रीलंका के साथ खेला जाने वाला उसका दूसरा मैच बारिश के कारण धुल गया था। उस मैच से कीवी टीम को अंक प्राप्त हुए थे।
दाम्बुला में बारिश की आशंका है। ऐसे में यह मैच अगर बारिश की भेंट चढ़ता है तो न्यूजीलैंड की टीम को फाइनल खेलने का अधिकार मिल जाएगा क्योंकि उसके भारतीय टीम से दो अंक अधिक हैं।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications