ब्रॉड ने अपने करियर का पहला शतक लगाया और 125 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि ट्रॉट ने 149 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 244 रनों की साझेदारी हुई। इंग्लैंड के लिए नौवें नम्बर पर बल्लेबाजी करते हुए ब्रॉड ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया।
महज 47 रनों पर अपने पांच महत्वपूर्ण बल्लेबाजों के विकेट गिरने के बाद एक बार इंग्लैंड की टीम मुश्किलों में फंस गई थी। इंग्लैंड टीम की यह हालत करने में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आमिर ने इस दौरान टेस्ट मैचों में अपने 50 विकेट भी पूरे किए। ऐसा करने वाले वह सबसे युवा गेंदबाज बन गए हैं।
18 वर्षीय आमेर ने दिन के तीसरे गेंद पर एलिस्टर कुक को आउट किया। उस समय इंग्लैंड का स्कोर 39 रन था। 39 के योग पर ही आमिर ने केविन पीटरसन और पॉल कालिंगवुड को तथा 47 के कुल योग पर इयोन मोर्गन (0) पर चलता किया।
इसके बाद ट्रॉट ने मेट प्रायर के साथ मिलकर लंच तक टीम का स्कोर 97 तक पहुंचाया। इसके बाद एक बार फिर आक्रमण पर लगाए गए आमिर ने प्रायर और उनके बाद ग्रीम स्वान को पवेलियन की राह दिखाकर इंग्लैंड टीम को पूरी तरह बैकफुट पर पहुंचा दिया। इस समय इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 102 रन था।
स्वान के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ब्रॉड ने ट्रॉट के साथ मिलकर इंग्लैंड टीम को मुश्किल से उबारा। दोनों ने शतक लगाए और दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद रहे।
मैच के पहले दिन बारिश की वजह से महज 12.3 ओवरों का ही खेल हो पाया था। पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने एक विकेट के नुकसान पर 39 रन बनाए थे।
पाकिस्तान की ओर से आमिर ने सर्वाधिक छह विकेट हासिल किए। एक विकेट मोहम्मद आसिफ के खाते में गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।