मामले की जांच कर रही ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने माजिद को रिहा करते हुए उसे आने वाले दिनों में पूछताछ के लिए उपलब्ध रहने को कहा। स्कॉटलैंड यार्ड ने हालांकि इस संबंध में माजिद, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट, आरोपों के घेरे में आए तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमेर तथा कामरान अकमल से की गई पूछताछ का विस्तृत ब्यौरा देने से इंकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने माजिद को शनिवार को गिरफ्तार करते हुए सनसनीखेज खुलासा किया था कि उसने लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान आमेर और आसिफ के साथ नो-बॉल डालने को लेकर फिक्सिंग की थी। कप्तान बट्ट को इस बात की पूरी जानकारी क्योंकि माजिद ने उन्हें इस पूरे घटनाक्रम में शामिल बताया था।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे।
समाचार पत्र ने इस स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो स्कॉटलैंड यार्ड को मुहैया कराया था। स्कॉटलैंड यार्ड ने इसी के आधार पर अपनी जांच शुरू कर दी थी। पाकिस्तानी टीम के प्रबंधक यावर सईद ने इस बात की पुष्टि की थी। सईद ने कहा कि स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने इस संबंध में उनसे तथा खिलाड़ियों से पूछताछ की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*