मैच फिक्सिंग विवाद : पाक क्रिकेटरों के कमरों से नकदी बरामद
समाचार पत्र 'द इंडिपेंडेंट' में सोमवार को प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया, "कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लंदन स्थित होटल के कमरों से बड़ी मात्रा में नकद राशि बरामद की गई है। यह राशि कथित तौर पर उस सटोरिए द्वारा उपलब्ध कराई गई है, जिसने पैसे के बदले लॉर्ड्स टेस्ट मैच में स्पॉट फिक्सिंग का दावा किया है। सटोरिए ने कहा है कि उसने सात पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ समझौता किया है।"
लंदन में रहने वाले पाकिस्तानी मूल के व्यापारी मजहर माजिद को इस संबंध में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। उससे रविवार को स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने पूछताछ की थी। माजिद ने 150,000 पाउंड लेकर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को स्पॉट फिक्सिंग में शामिल करने का दावा किया था।
माजिद ने सनसनीखेज खुलासा किया था कि उसने लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ के साथ नो-बॉल डालने को लेकर फिक्सिंग की है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे।
मैच के दौरान एक निश्चित समय पर आमेर और आसिफ ने नो-बॉल फेंकी थी। इसके बाद से लॉर्ड्स टेस्ट मैच पर सट्टेबाजी का साया मंडराने लगा है। माजिद को हालांकि सोमवार को जमानत मिल गई। स्कॉटलैंड यार्ड ने उसके खिलाफ आरोप तय नहीं किए हैं। उसके साथ आगे भी पूछताछ की जाएगी।
'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि मैच फिक्सिंग के इस विवाद में पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान बट्ट और विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल भी शामिल रहे हैं। स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने इस मामले में आमेर, आसिफ, बट्ट और अकमल से पूछताछ की है।
'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' ने इससे पहले खुलासा किया था कि माजिद 2006 में पाकिस्तानी टीम के कई खिलाड़ियों के साथ प्रयोजक संबंधी करार करने के एक मामले में शामिल रहा था। उसने इस करार के बदले खिलाड़ियों के बीच कथित तौर पर वितरित करने के लिए संबंधित कंपनी से 10,000 पाउंड लिए थे।
माजिद सरे के क्रोयडॉन इलाके में 10 लाख पाउंड कीमत के मकान में रहता है और उसने खिलाड़ियों के साथ संपर्क स्थापित करने के लिए ब्लैकबेरी फोन का इस्तेमाल किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications