फेडरर क्वार्टर फाइनल में, शारापोवा हारीं
न्यूयार्क। विश्व के दूसरे वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर वर्ष के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं लेकिन रूसी महिला स्टार मारिया शारापोवा का सफर चौथे दौर में समाप्त हो गया।
पांच बार खिताब जीत चुके फेडरर ने आस्ट्रिया के जुर्गेन मेजलर को 6-3, 7-6, 6-3 से पराजित किया। फेडरर लगातार 26वीं बार ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं को क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। फेडरर अपने करियर के 17वें ग्रैंड स्लैम के लिए प्रयासरत हैं।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए फेडरर को रोबिन सोल्डरलिंग से भिड़ना होगा। स्वीडन के सोल्डरलिंग ने इस वर्ष फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में फेडरर को पराजित किया था। सोल्डरलिंग स्पेन के अल्बर्ट मोंटानेस को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं।
महिलाओं के एकल वर्ग में शारापोवा को डेनमार्क की युवा खिलाड़ी कैरोलिन वोजनियास्की को हाथों हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2009 में अमेरिकी ओपन की उपविजेता रहीं वोजनियास्की ने शानदार खेल दिखाते हुए चौथे दौर में शारापोवा को 6-3, 6-4 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत स्लोवाकिया की डोमिनिका क्लबल्कोवा के साथ होगी। क्लबल्कोवा ने चौथे दौर में 2004 की अमेरिकी ओपन विजेता रूसी खिलाड़ी स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा को 7-5, 7-6 से पराजित किया।
इसके अलावा पुरुष वर्ग में तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक भी अंतिम-8 दौर में जगह बनाने में सफल रहे हैं। जोकोविक ने अमेरिका के मार्डी फिश को 6-3, 6-4, 6-1 से हराया। फिश की हार के साथ एकल वर्ग में अमेरिकी चुनौती समाप्त हो गई।
अगले दौर में जोकोविक का सामना फ्रांस के गेल मोनफिल्स के साथ होगा, जिन्होंने अपने ही देश के रिचर्ड गाक्स्वेट को 6-4, 7-5, 7-5 से पराजित किया। जोकोविक 2007 में अमेरिकी ओपन के उपविजेता रहे हैं। उन्होंने 2008 में आस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications