नई दिल्ली। ऐसे में जबकि दिल्ली में डेंगू के मामले 1400 से ऊपर पहुंच चुके हैं, राष्ट्रमंडल खेल गांव को मच्छरों से निजात दिलाने के लिए सेना की मदद ली जाएगी। इस स्थान पर तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एथलीट और अतिथि ठहरेंगे।
खेल गांव में इस काम के लिए सेना की मदद लेने का फैसला दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया और उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना की अध्यक्षता में हुई स्वास्थ्य कर्मचारियों की बैठक के दौरान किया गया। दिल्ली नगर निगम के जनस्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष वी.के. मोंगा ने बताया कि इस संबंध में सेना को शीघ्र ही आधिकारिक पत्र भेजा जाएगा।
जल्द ही सेना के अधिकारी नगर निगम के अधिकारियों के साथ खेल गांव को मच्छररहित करने के प्रयास में जुट जाएंगे। मोंगा ने बताया कि यह काम एक या दो दिनों में शुरू हो जाएगा। मोंगा ने कहा कि इस काम के लिए सेना के इंजीनियरिंग विभाग की मदद ली जाएगी।
मोंगा ने आईएएनएस से कहा कि सेना के अधिकारी खेल गांव और उसके आसपास के इलाकों से पानी निकालने का काम करेंगे। साथ ही इस इलाके में एंटी-लारवल रसायन का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही यमुना के जलस्तर में वृद्धि और भारी बारिश के कारण इस इलाके में जमा पानी को भी निकाला जाएगा। मोंगा ने कहा कि चूंकि सेना के पास इस काम के लिए बेहतर उपकरण हैं, ऐसे में उसकी मदद लेना उचित रहेगा। सेना के पास ऐसे कामों के लिए काफी अनुभव है।
करीब 24 राष्ट्रमंडल देशों ने दिल्ली में डेंगू की स्थिति की जानकारी मांगी है। राष्ट्रमंडल खेलो में 53 देशों की 71 टीमें हिस्सा लेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।