वारियर्स की टीम में जहां दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके कई नामी-गिरामी खिलाड़ी हैं जबकि इस मामले में वायंबा की टीम पीछे नहीं है। इस टीम में भी माहेला जयवर्धने, रंगना हेरथ, चनाका वेलेगेदारा, अजन्था मेंडिस और कौशल लोकुराचारी जैसे स्टार खिलाड़ी हैं। इस टीम की कमान जयवर्धने के हाथ में है।
खिलाड़ियों के दल के लिहाज से हालांकि वारियर्स का पलड़ा भारी है क्योंकि इस टीम में दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस के अलावा मार्क बाउचर, जोहान बोथा, निकी बोए, वायने पार्नेल, मखाया एंटिनी, एश्वेल प्रिंस और जुअन थेरन जैसे माहिर खिलाड़ी हैं।
इससे पहले इन दो टीमों के बीच चैम्पियंस लीग या किसी अन्य स्तर पर कोई भिड़त नहीं हुई है लेकिन जिस अंदाज में दोनों टीमें दक्षिण अफ्रीका पहुंची हैं, उसे देखते हुए पोर्ट एलिजाबेथ में चक्कों और छक्कों की जोरदार बरसात देखने को मिल सकती है।
चैम्पियंस लीग ने खुद को शोहरत की बुलंदियों को छू चुकी आईपीएल के बाद विश्व क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय गैर आधिकारिक ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के तौर पर स्थापित किया है। वर्ष 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था।
पिछले वर्ष आस्ट्रेलियाई टीम न्यू साउथ वेल्स ने वेस्टइंडीज की घरेलू चैम्पियन टीम त्रिनिदाद एवं टोबैगो को हराकर खिताब जीता था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार इस कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं। वर्ष 2009 की तरह इस बार भी चैम्पियंस लीग में 60 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि दांव पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।