टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम ने शानदार शुरुआत की और निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 294 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 49.3 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 295 रन बना लिए।
इंग्लैंड की इस जीत में एंड्रयू स्ट्रॉस के शानदार शतक का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्ट्रॉस ने 134 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 126 रन बनाए। इसके अलावा जोनाथन ट्राट ने भी 53 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
इंग्लैंड के अन्य बल्लेबाज बेहतर प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। स्टीव डेविस 26, कोलिंगवुड 19, मोर्गन 16, रवि बोपारा 16 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल यार्डी 13 और ब्रेसनैन 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान के गेंदबाजों में सईद अजमल ने दो विकेट हासिल किए जबकि शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले पाकिस्तान के 294 रन के स्कोर में विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल के सर्वाधिक 74 रन शामिल हैं।
अकमल और मोहम्मद हफीज ने पहले विकेट के लिए 122 रन जोड़े। अकमल ने 72 गेंदों पर 12 चौैके लगाए जबकि हफीज ने अपनी 43 रनों की उपयोगी पारी में 68 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके जड़े।
इन दोनों के अलावा पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने 46 रनों की कीमती पारी खेली। यूसुफ ने 50 रन बनाने वाले असद शफीक के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। शफीक ने 58 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का जड़े।
यूसुफ ने 48 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। उमर अकमल ने भी 28 रन जोड़े। कप्तान शाहिद अफरीदी (9) ने निराश किया लेकिन फवद आलम ने 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 20 रनों की तेज नाबाद पारी खेली।
इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने सर्वाधिक चार विकेट अपनी झोली में डाले। इसके अलावा टिम ब्रेसनन, जेम्स एंडरसन, ग्रीम स्वान और पॉल कोलिंगवुड को एक-एक सफलता मिली।
चेस्टर-ले-स्ट्रीट में 10 सितंबर को खेले गए पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 24 रनों से पराजित किया था।
लॉर्ड्स में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के दौरान सामने आई स्पॉट फिक्सिंग की घटना के बाद पाकिस्तानी टीम चौथा मैच खेल रही है। उसे दो ट्वेंटी-20 मैचों की श्रृंखला में भी 0-2 से हार मिली थी। टेस्ट श्रृंखला उसने 1-3 से गंवाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।