वारियर्स की टीम पहली बार चैम्पियंस लीग में खेल रही है जबकि विक्टोरिया की टीम दूसरी बार अपनी दावेदारी पेश कर रही है। उसने पहले संस्करण का सेमीफाइनल खेला था।
विक्टोरिया की टीम की कमान आस्ट्रेलिया की ट्वेंटी-20 टीम के अभिन्न सदस्य डेविड हसी के हाथों में है जबकि वॉरियर्स टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज डेविड जैकब्स कर रहे हैं।
वर्ष 2009 में भारत में आयोजित चैम्पियंस लीग का पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार इस कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।