चैम्पियन्स लीग : मुंबई ने गयाना को 31 रनों से हराया (राउंडअप)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी गयाना की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 153 रन ही बना सकी।
गयाना की ओर से रामनरेश सरवन को छोड़ कोई बल्लेबाज उम्दा प्रदर्शन नहीं कर पाया। रामनरेश सरवन ने 38 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए।
गयाना की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में 15 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज शिवनारायण चाटेरगून महज एक रन के निजी योग पर पेवेलियन लौट गए। इसके बाद ट्रेविस डॉवलिन छह रन बनाकर आउट हो गए।
नरसिंह देवनारायण ने 23 गेंदों में तीन चौके की मदद से 27 रन बनाए। क्रिस्टोफन बार्नवेल ने 15 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। जोनाथन फू एक रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। राएस्टन क्रेंडन 16 और इयुसान क्रेंडन दो रन बनाकर नाबाद रहे।
मुंबई की ओर से हरभजन सिंह और ड्वेन ब्रावो ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि जहीर खान और मलिंगा को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। मुंबई की ओर से केरन पोलार्ड ने तूफानी पारी खेलते हुए नाबाद 72 रन बनाए। उन्होंने 30 गेंदों में एक चौका नौ छक्के लगाए।
मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर और शिखर धवन ने अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने 82 रनों की साझेदारी निभाई। मुंबई का पहला विकेट सचिन तेंदुलकर के रूप में गिरा। उन्होंने 39 गेंदों में चार चौके की मदद से 48 रन बनाए। उस समय टीम का कुल योग 82 रन था।
शिखर धवन ने 37 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाए। सौरभ तिवारी आज बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए। इसके बाद अंबाती रायडू पर कुछ खास नहीं कर सके और चार रन बनाकर चलते बने। जीन पाल डुमिनी 14 रन बनाकर नाबाद रहे।
गयाना की ओर से देवेंद्र बिशू ने तीन विकेट हासिल किए जबकि राएस्टन क्रेंडन को एक विकेट मिला।
मुंबई की टीम का यह तीसरा मुकाबला था जबकि गयाना की टीम का दूसरा मुकाबला। मुंबई को चैम्पियंस लीग के उद्घाटन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के क्लब लायंस के हाथों नौ रन की हार मिली थी जबकि मंगलवार को दूसरे मुकाबले में साउथ आस्ट्रेलिया की टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद उसे पांच विकेट से पीट दिया।
गयाना की टीम अपने पहले मैच में बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के हाथों नौ विकेट से हार चुकी है।
वर्ष 2009 में भारत में आयोजित चैम्पियंस लीग का पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
