चेन्नई। यहां चल रहे डेविस कप विश्व ग्रुप्स प्ले-ऑफ में पुराने तेवर के साथ लिएंडर पेस और महेश भूपति की जोड़ी ने शनिवार को ब्राजील के अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को शिकस्त देते हुए भारत की उम्मीद कायम रखी।
पेस और भूपति की जोड़ी ने दो घंटे 19 मिनट में मार्सेलो मेलो और ब्रुनो सोरेस को 6-4, 7-6(5), 6-1 से मात दी। भारत शुक्रवार को एकल मुकाबलों में हार चुका है और उसे प्रतियोगिता में बने रहने के लिए युगल मुकाबले में जीत हासिल करनी जरूरी थी। कुछ साल पहले हुए विवाद के बाद डेविस कप टूर्नामेंट के दौरान दोनों शीर्ष खिलाड़ियों ने युगल मुकाबले में बेहद रोमांचक प्रदर्शन किए।
गौरतलब है कि यहां स्थित एसडीएटी स्टेडियम में ही वर्ष 1999 में एटीपी टूर्नामेंट जीतकर पेस और भूपति की जोड़ी ने अपनी स्वर्णिम दौड़ शुरू की थी। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने कई स्लैम्स जीते और दुनिया की शीर्ष जोड़ी तक का सफर तय किया। मुकाबले के दौरान भारतीय जोड़ी ने दूसरे सेट में, ब्राजीलियाई खिलाड़ियों पर 10वें और 12वें खेल में कुछ अंक की बढ़त हासिल कर ली।
इन दोनों मौकों पर पेस और भूपति ने अपने अनुभवों का इस्तेमाल करते हुए कुछ बेहतरीन शॉट खेले। टाई ब्रेकर में ब्राजीलियाई जोड़ी 4-1 से बढ़त लिए हुए थी, लेकिन भारत के दोनों खिलाड़ियों ने फिर से प्रभावी तरीके से मुकाबले में वापसी की। तीसरे सेट में मेहमान जोड़ी कुछ खास नहीं कर पाई और पेस व भूपति ने शानदार तरीके से मैच को जीत लिया। रिजर्व एकल मुकाबले में रविवार को सोमदेव देववर्मन थॉमस बेलुची से और रोहन बोपन्ना मेलो से भिड़ेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।