चैम्पियंस लीग : मुंबई इंडियंस के 3 विकेट गिरे (लीड-1)
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 41 और सौरभ तिवारी आठ रन बनाकर खेल रहे हैं। मुंबई की शुरुआत खराब रही और तीसरे ओवर में उसने कप्तान सचिन तेंदुलकर का विकेट गंवा दिया। तेंदुलकर 11 रन निजी योग पर पेवेलियन लौटे।
इसके बाद चौथे ओवर में अंबाती रायडू तीन रन बनाकर और नौवें ओवर में जीन पॉल डुमिनी 10 रन बनाकर आउट हो गए। उस समय टीम का कुल योग 51 रन था।
सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेल रही मुंबई की टीम का यह चौथा मुकाबला है जबकि अनिल कुंबले की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम अपना तीसरा मैच खेल रही है। मुंबई को अब तक दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जबकि रॉयल चैलेंजर्स टीम को एक जीत और एक हार मिली है।
तालिका में रॉयल चैलेंजर्स दो अंकों के साथ दूसरे और मुंबई दो अंकों के साथ तीसरे क्रम पर है।
ग्रुप-बी में आस्ट्रेलियाई क्लब साउथ आस्ट्रेलिया अपने तीनों मैच जीतकर छह अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उसका सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है।
उठापटक से भरे मुकाबलों और कई अन्य विविध विशेषताओं ने चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण को खास बना दिया है। वर्ष 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है। आईपीएल-2 की उपविजेता के तौर पर रॉयल चैलेंजर्स ने चैम्पियंस लीग-1 में हिस्सा लिया था।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications