पुजारा को मौका, जहीर और श्रीसंत की वापसी (लीड-1)
पिछले तीन सत्रों से घरेलू क्रिकेट में चमकदार खेल दिखाने वाले सौराष्ट्र के युवा बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को पहली बार टीम में जगह मिली है जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान, केरल के पेसर शांताकुमारन श्रीसंत और स्टार स्पिनर हरभजन सिंह वापसी करने में सफल रहे हैं। ये तीनों खिलाड़ी श्रीलंका के खिलाफ नहीं खेल सके थे।
युवराज को ईरानी ट्रॉफी के लिए शेष भारत एकादश की कप्तानी सौंपी गई है। शेष एकादश टीम को ईरानी ट्रॉफी मुकाबले में मौजूदा रणजी चैम्पियन मुंबई के साथ भिड़ना है। यह मैच एक अक्टूबर को शुरू हो रहा है। इसी दिन मोहाली में स्थित पंजाब क्रिकेट संघ मैदान पर भारत और आस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच भी शुरू हो रहा है।
शेष भारत एकादश में कर्नाटक के तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन को भी जगह दी गई है। जहीर और श्रीसंत की गैरमौजूदगी में श्रीलंका के साथ खेली गई तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दौरान गेंद और बल्ले के साथ सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मिथुन को टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया जाना चर्चा का विषय है।
चयन समिति के अध्यक्ष के. श्रीकांत ने टीम के चयन के बाद कहा, "टीम के चयन के दौरान फार्म और फिटनेस सहित कई अन्य बातों को ध्यान में रखा गया। पुजारा का चयन घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।" श्रीकांत ने हालांकि मिथुन के चयन को लेकर कुछ नहीं कहा जबकि वह फिट भी हैं और फार्म में भी हैं।
इस बीच, दो टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैचों की इस श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम सोमवार को नई दिल्ली पहुंच गई। आस्ट्रेलियाई टीम सोमवार दूसरे पहर सीधे चण्डीगढ़ रवाना हो जाएगी, जहां उसे 25 से 27 सितम्बर तक बोर्ड अध्यक्ष एकादश के साथ अभ्यास मैच खेलना है।
इस मैच के लिए सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को अध्यक्ष एकादश टीम की कमान सौंपी गई है। इस मैच की समाप्ति के बाद भी आस्ट्रेलियाई टीम चण्डीगढ़ में ही बनी रहेगी।
श्रंखला का दूसरा टेस्ट नौ से 13 अक्टूबर तक बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद तीन एकदिवसीय मैच खेले जाएंगे। पहला मैच 17 अक्टूबर को कोच्चि के नेहरू स्टेडियम में होना है।
दूसरा मैच 20 अक्टूबर को विशाखापट्टनम के डॉक्टर वाई.एस. राजशेखर रेड्डी स्टेडियम में होगा जबकि तीसरा मैच 24 अक्टूबर को मडगांव के नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टेस्ट टीम : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान और विकेटकीपर), वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वी.वी.एस. लक्ष्मण, सुरेश रैना, चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजय, हरभजन सिंह, शांताकुमारन श्रीसंत, जहीर खान, ईशांत शर्मा, प्रज्ञान ओझा और अमित मिश्रा।
शेष भारत एकादश टीम : युवराज सिंह (कप्तान), अभिनव मुकुंद, शिखर धवन, विराट कोहली, एस. बद्रीनाथ, सौरव तिवारी, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), पीयूष चावला, आर. अश्विन, जयदेव उदाकत, उमेश यादव, आर. विनय कुमार, मनीष पांडेय, अभिमन्यु मिथुन और रवींद्र जडेजा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
