टीम में शामिल किए जाने की खबर मिलने के बाद मीडिया से मुखातिब श्रीसंत ने कहा, "मैंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक टेस्ट मैच नहीं खेला है। इस लिहाज से मेरे लिए यह श्रृंखला काफी कठिन होगी। मेरे लिए टीम में स्थान पक्का करने का यह अच्छा मौका है और मैं इस मौके का भरपूर लाभ उठाना चाहूंगा।"
श्रीसंत को श्रीलंका के साथ खेली गई तीन मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया था लेकिन वह चोट के कारण बिना खेले ही स्वदेश लौट आए थे। इसके बाद श्रीसंत ने फिटनेस हासिल करने के लिए जोरदार मेहनत की है।
अपनी फिटनेस को लेकर श्रीसंत ने कहा, "अब मैं पूरी तरह फिट हो चुका हूं। मैं आशा करता हूं कि मुझे कोच्चि में खेले जाने वाले एकदिवसीय मुकाबले में घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का मौका मिलेगा।"
17 टेस्ट मैचों में 60 विकेट झटक चुके श्रीसंत ने अपना आखिरी टेस्ट मैच इस वर्ष की शुरुआत में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।