पोंटिंग ने कहा कि वह भारत के साथ जोरदार मुकाबले की उम्मीद लगाए हुए हैं।
पत्रकारों से मुखातिब पोंटिंग ने कहा, "निसंदेह, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में रैंकिंग काफी मायने रखती है। अभी हम चौथे क्रम पर हैं। अपनी रैंकिंग सुधारने के लिए हम अधिक से अधिक मैच जीतना चाहते हैं। सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टीम भारत से भिड़ना हमारे लिए बड़ा चुनौतीपूर्ण होगा।"
पोंटिंग ने कहा, "हमें आशा है कि भारत के साथ हमारा बेहद कड़ा मुकाबला होगा। हम इस श्रृंखला को लेकर बेहद उत्सुक हैं। हम जानते हैं कि हमारा सामना एक बेहद प्रतिस्पर्धी टीम से होगा।"
पोंटिंग के मुताबिक उनकी टीम में शामिल युवा खिलाड़ियों के लिए भारत में खेलना एक नया अनुभव होगा और इसके माध्यम से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
बकौल पोंटिग, "भारत तेज गेंदबाजों के लिए हमेशा से चुनौतीपूर्ण स्थान रहा है। खासकर नए गेंदबाजों को यहां खेलकर काफी कुछ सीखने को मिलता है। मैं इस बात को लेकर काफी उत्सुक हूं कि हमारे युवा गेंदबाज आने वाले मैचों में किस प्रकार की गेंदबाजी करते हैं।"
पोंटिंग ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ी युवराज सिंह के बगैर भी भारतीय टीम काफी मजबूत है। पोंटिंग बोले, "भारत की बल्लेबाजी काफी सशक्त है। युवराज के बगैर भी उसे सस्ते में समेटना बेहद कठिन है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।