छह अंकों के साथ शीर्ष पर विराजमान साउथ आस्ट्रेलिया टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना तय है। इस मैच को जीतकर साउथ आस्ट्रेलिया की टीम अपने ग्रुप में अजेय रहने वाली एकमात्र टीम बनना चाहेगी।
साउथ आस्ट्रेलिया ने अब तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, मुंबई इंडियंस और लायंस क्लबों को पराजित किया है। गयाना की टीम लायंस और रॉयल चैलेंजर्स के हाथों नौ-नौ विकेट से हारी है जबकि मुंबई इंडियंस ने उसे 31 रनों से पराजित किया है।
रामनरेश सरवन की कप्तानी में खेल रही गयाना टीम खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी है। अब तक के प्रदर्शन के लिहाज से उसके लिए साउथ आस्ट्रेलिया को हराने में काफी मशक्कत करनी होगी, लेकिन वेस्टइंडीज की घरेलू चैम्पियन की हैसियत से वह यह मैच जीतकर अपनी प्रतिष्ठा बचाने का भरपूर प्रयाक करेगी।
उठापटक से भरे मुकाबलों ने चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण को खास बना दिया है। 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण मे 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।