न्यूजीलैंड की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स टीम ने अपने सभी तीनों मैच गंवाए हैं। उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। यही हाल श्रीलंका की वायंबा इलेवन टीम का रहा है। उसे भी तीन मैचों में हार मिली है। इस मैच के नतीजे का ग्रुप एक पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
ग्रुप-ए में वारियर्स ने छह अंकों के साथ पहले स्थान काबिज कर रखा है जबकि विक्टोरिया के भी छह अंक हैं लेकिन वह नेट रन रेट के मामले में पीछे है। तीसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स टीम है, जिसे बुधवार को वॉरियर्स से भिड़ना है। यह मैच चेन्नई टीम की किस्मत तय करेगी।
उठापटक से भरे मुकाबलों ने चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण को खास बना दिया है। 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण मे 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं। प्रत्येक ग्रुप की दो-दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।