चैम्पियंस लीग : धौनी की टीम के पास आखिरी मौका
पोर्ट एलिजाबेथ, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण की विजेता महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम को 'करो या मरो' के मैच में बुधवार को सेंट जॉर्ज्स पार्क मैदान पर ग्रुप-ए में शीर्ष पर विराजमान वॉरियर्स क्लब के साथ भिड़ना है।
वॉरियर्स ने अब तक खेले गए तीन मैचों में जीत हासिल करते हुए छह अंक जुटा लिए हैं जबकि सुपर किंग्स ने तीन मैचों से चार अंक जुटाए हैं। नेट रन रेट के आधार पर वह वॉरियर्स(+0.975) तथा दूसरे स्थान पर काबिज विक्टोरिया बुशरेंजर्स टीम (+0.366) से काफी बेहतर स्थिति में है। सुपर किंग्स का नेट रन रेट +2.567 है।
विक्टोरिया की टीम अपने सभी चार मैच खेल चुकी है। उसके छह अंक हैं। इस लिहाज से वॉरियर्स पर मिली जीत चेन्नई सुपर किंग्स को नेट रन रेट के मामले में सेमीफाइनल में पहुंचा देगी लेकिन हार की सूरत में उसका पत्ता साफ हो जाएगा। ऐसी सूरत में वॉरियर्स और विक्टोरिया इस ग्रुप से सेमीफाइनल खेलेंगी।
उठापटक से भरे मुकाबलों ने चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण को खास बना दिया है। 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण मे 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं। प्रत्येक ग्रुप की दो-दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications