राष्ट्रमंडल खेल : 3 खिलाड़ी हटे, 2 ने भारत आने का वादा किया (लीड-3)
रेन्डाल और कैलस का यह फैसला आयोजकों के लिए ऐसे वक्त में खुशी की खबर बनकर आया, जब कई खिलाड़ी सुरक्षा और साफ-सफाई का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले चुके हैं।
समाचार पत्र 'कूरियर मेल' ने कैलस के हवाले से लिखा है, "मैं चौथे राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने के लिए तैयार हूं। मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि भारत में आखिरकार कैसी व्यवस्था है।"
बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले कैलस ने कहा, "दिल्ली में क्या हो रहा है, इससे मेरा खेलों में हिस्सा लेने का फैसला प्रभावित नहीं हुआ है। मैं 110 प्रतिशत इन खेलों में हिस्सा लूंगा।"
दूसरी ओर, रेन्डाल ने कहा कि वह अपनी लम्बे समय की दोस्त ओलिविया एलिसन के साथ दिल्ली में शिरकत करेंगी।
बकौल रेन्डाल, "अभी मैं अभ्यास पर जोर दे रही हूं। हम सोमवार को भारत रवाना हो रहे हैं। मैं राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन की आस लगाए हुए हूं।"
इससे पहले, ब्रिटेन की टेनिस स्टार बालटाचा ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत जाने से इंकार कर दिया। बालटाचा ने कहा है कि वह खेल गांव में साफ-सफाई को लेकर डरी हुई हैं।
बालटाचा पांचवीं ऐसी टेनिस स्टार हैं, जिन्होंने नई दिल्ली जाने से इंकार कर दिया है। इससे पहले आस्ट्रेलिया लेटन हेविट और समांथा स्टोसुर, ब्रिटेन के एंडी मरे और साइप्रस के मार्कस बघदातिस ने भारत जाने से इंकार कर दिया था।
बालटाचा विश्व की 50वीं वरीयता प्राप्त महिला टेनिस स्टार हैं। वह भारत जाने के लिए सहर्ष तैयार थीं लेकिन खेल गांव में साफ-सफाई को लेकर सामने आई खबरों के बाद उन्होंने अपना मन बदल दिया।
समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' ने बालटाचा के हवाले से लिखा है, "मैं साफ-सफाई की कमी के कारण भारत नहीं जा रही हूं। साथ ही मुझे डेंगू का भी डर है। मेरे लिए यह बेहद गंभीर बात है। यह मेरा व्यक्तिगत फैसला है।"
इससे ठीक पहले, राष्ट्रमंडल महासंघ के प्रमुख सदस्य आस्ट्रेलिया के दो और एथलीटों ने भारत में तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले खेलों से नाम वापस ले लिया है।
'आस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस' के मुताबिक नाम वापस लेने वालों में साइकिल चालक ट्रेविस मायेर और महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी स्टेफाने सांग शामिल हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से नाम वापस लिया है।
एक सप्ताह के भीतर तीसरे आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने खेलों से नाम वापस लिया है। डिस्कस थ्रो की विश्व चैम्पियन डानी सैमुएल्स के नाम वापस लेने के बाद आस्ट्रेलियाई राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष पैरी क्रॉसव्हाइट ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया था।
क्रासव्हाइट ने कहा कि मायेर और सांग का नाम वापस लेना भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खेलों के शुरू होने से ठीक पहले इन खिलाड़ियों ने नाम वापस लेकर अच्छे अनुभव से खुद को महरूम कर लिया है।
क्रासव्हाइट ने कहा, "मैं निराश हूं। जो खिलाड़ी नाम वापस ले रहे हैं, उन्हें अच्छा अनुभव मिलता। हम इस बात की गारंटी लेकर चल रहे हैं कि भारत में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहेगी लेकिन इसके बावजूद खिलाड़ियों का नाम वापस लेना दुखदाई है।"
क्रासव्हाइट ने कहा कि सांग ने खासतौर पर सुरक्षा कारणों से नाम वापस लिया है। इसे देखते हुए सीजीएफ से उनका स्थानापन्न टीम में शामिल करने की इजाजत मांगी जाएगी।
दूसरी ओर, मायेर ने डेंगू के डर से नाम वापस लिया है। वह इन दिनों आस्ट्रेलियाई साइकिल दल के साथ स्विट्जरलैंड में अभ्यासरत हैं। मायेर ने राष्ट्रमंडल खेलों की बजाय अपने पेशेवर टीम के साथ बने रहने का फैसला किया है।
आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के बुधवार से सिलसिलेवार तरीके से नई दिल्ली पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राष्ट्रमंडल खेलों में मेजबान भारत सहित कुल 71 देशों के 7000 खिलाड़ी और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
