Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

राष्ट्रमंडल खेल : 1000 खिलाड़ी पहुंचे खेलगांव, सुविधाओं को सराहा (लीड-1)

खुशी जाहिर करने वालों में दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त हैरिस म्बुलेलो सिथेम्बिले माजेके सबसे आगे रहे। ये वहीं माजेके हैं, जिन्होंने रविवार को यह कह कर खेलगांव की खिल्ली उड़ाई थी कि उनके देश के खिलाड़ियों को आवंटित अपार्टमेंट में सांप देखा गया। लेकिन सोमवार को उनका पूरा मिजाज बदला हुआ था।

माजेके ने यहां संवाददाताओं को बताया, "हमें आशा है कि भारत खेलों का यादगार आयोजन करेगा।"

उधर खेलगांव पहुंचे खिलाड़ियों ने कहा कि खेलगांव में स्थिति में हुए उल्लेखनीय सुधार को देखकर वे काफी खुश हैं, क्योंकि साफ-सफाई का काम युद्ध स्तर पर जारी है।

ज्ञात हो कि लगभग 1,100 खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं मीडियाकर्मियों का हुजूम रविवार को दिल्ली पहुंचा था और सोमवार रात तक 550 और खिलाड़ियों का दस्ता पहुंचने की संभावना है।

सोमवार को पहुंचने वाले दलों में दक्षिण अफ्रीका और स्कॉटलैंड शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीकी दल में जहां 113 लोग शामिल होंगे जबकि स्कॉटलैंड के दल में 77 खिलाड़ी और अधिकारी होंगे।

इसके अलावा इंग्लैंड के 61, आस्ट्रेलिया के 59 और कनाडा के 30 खिलाड़ियों और अधिकारियों का दल सोमवार को भारत पहुंचेगा।

राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सर्वाधिक संख्या में मीडियाकर्मी नई दिल्ली पहुंचेंगे। इन खेलों में 71 देशों के कुल 7000 खिलाड़ी और अधिकारी शिरकत करेंगे।

खिलाड़ियों के खेलगांव पहुंचने के साथ ही हेलीकॉप्टर आसमान में अपनी उड़ान भरने शुरू कर दिए। सड़कों पर सुरक्षा चुस्त कर दी गई है और राज्यों को आतंकी हमलों के खिलाफ नया अलर्ट जारी कर दिया गया है।

एक सुरक्षा अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि आसमान से होने वाले हमलों की निगरानी के लिए मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) को भी तैनात किया गया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने सोमवार को एक गोल्फ कार्ट में बैठकर खेलगांव का भ्रमण किया और सफाई अभियान में प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि खेलगांव को बेहतरीन बनाने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

खिलाड़ियों की यात्रा टालने वाले स्कॉटलैंड की टीम ने भी सोमवार को खेलगांव में प्रवेश किया और उसके खिलाड़ी वहां की सुविधाओं से काफी प्रसन्न दिखाई दिए।

स्कॉटलैंड की तीरंदाज क्लौडिन जेन्निंग ने आईएएनएस को बताया, "हम यहां की सभी सुविधाओं से वाकई में खुश हैं। हम तीरंदाजी स्थल पर भी गए थे और वहां का हराभरा मैदान हमें बहुत सुखद लगा। विश्व चैंपियनशिप्स में हमने अभी तक जितने सर्वश्रेष्ठ मैदान देखे हैं, यहां की सुविधा भी वैसी है।"

जेन्निंग ने कहा कि यहां का खाना बहुत अच्छा है।

फाकलैंड द्वीप के माइक समर ने कहा, "मैं 22 सितम्बर को आया। उस समय स्थिति बहुत खराब थी। उस समय मीडिया में आई सभी नकारात्मक खबरें सही साबित हो रहीं थीं। लेकिन तब से अब की स्थितियों में बहुत सुधार हुआ है। मैंने कई बार आवास की जांच की और अब मैं प्रगति से संतुष्ट हूं।"

दूसरी ओर केन्या अभी यहां के बंदोबस्त से नाखुश है। केन्या खेमे ने कहा कि अभी बहुत कुछ करना बाकी है।

केन्या के एक प्रतिनिधि ने आईएएनएस से शिकायत की, "हम रविवार को यहां पहुंचे। हमारा अनुभव औसत दर्जे का रहा।"

केन्याई टीम के एक अधिकारी रुथ मुएनी जिओका ने कहा, "कमरे और साफ हो सकते हैं..।"

इस बीच सर्वोच्च न्यायालय ने आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी को बर्खास्त करने के लिए दायर की गई एक याचिका खारिज कर दी।

याची ने खेल की तैयारियों के लिए किए गए करोड़ों रुपये के सौदों में व्याप्त कथित अनियमितता की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की थी।

यहीं पर मुख्यमंत्री दीक्षित ने राष्ट्रमंडल खेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक हूपर (सीईओ) द्वारा दिल्ली की जनसंख्या को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

दीक्षित ने हूपर के बयान को 'कठोर एवं कूटनीतिक मूल्यों के प्रतिकूल' करार दिया है।

शीला ने संवाददाताओं से कहा, "यह बहुत ही कठोर एवं 'कूटनीतिक मूल्यों के प्रतिकूल' है।"

शीला ने अपने आवास पर एक समारोह के दौरान कहा, "हम बहुत मेहनत कर रहे हैं और काम जल्दी ही पूरे हो जाएंगे। हमने बहुत की मुश्किल घड़ी में खेल गांव को अपने हाथ में लिया है।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:45 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+