सीए ने इस संबंध में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को एक पत्र लिखा है, जिसमें इस बात का जिक्र है कि वह दो टेस्ट और तीन एकदिवसीय मुकाबलों के लिए बाकी के चार आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खुश है लेकिन उसे बेंगलुरू की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का पहला मुकाबले एक अक्टूबर से चण्डीगढ़ के करीब मोहाली के पंजाब क्रिकेट संघ मैदान पर खेला जाएगा। इसके लिए सुरक्षा की चाकचौबंद व्यवस्था की गई है। सीए इससे खुश है।
सीए अध्यक्ष जेम्स सदरलैंड ने बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन को पिछले सप्ताह लिखे पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि उसके विशेष सुरक्षा दल ने चार आयोजन स्थलों की स्थिति को लेकर संतोष जाहिर किया है लेकिन बेंगलुरू की स्थिति को लेकर उसने कुछ नहीं कहा है।
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' ने जब इस संबंध में बेंगलुरू पुलिस के सहायक आयुक्त जी. रमेश से बात की तो उन्होंने कहा, "पुलिस ने स्टेडियम की सुरक्षा के लिए अब तक कोई व्यवस्था नहीं की है लेकिन निर्धारित वक्त से पहले यह काम पूरा कर लिया जाएगा। अभी मैच के शुरू होने में काफी वक्त है। जैसे ही टीम शहर में प्रवेश करेगी, स्टेडियम की सुरक्षा पुख्ता कर दी जाएगी।"
दूसरा टेस्ट मैच 9 से 13 अक्टूबर के बीच खेला जाना है। इसके लिए टीमें छह अक्टूबर को बेंगलुरू पहुंच जाएंगी। सीए ने इस वर्ष अप्रैल में यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले से पहले हुए बम धमाकों को लेकर चिंता जाहिर की है। उस घटना में आठ लोग घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।