ब्रिटेन के समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' के मुताबिक बट्ट ने एक बयान जारी कर इंग्लैंड के खिलाड़ियों से अपने उस बयान को लेकर माफी मांगी। इंग्लिश खिलाड़ियों ने बट्ट का माफीनामा स्वीकार कर लिया है। साथ ही उन्होंने बट्ट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपनी धमकी भी वापस ले ली है।
पीसीबी और ईसीबी द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि पीसीबी अध्यक्ष ने स्वीकार किया है कि दुनिया भर की मीडिया के सामने उन्होंने इंग्लैंड के खिलाड़ियों द्वारा मैच फिक्स करने का जो आरोप लगाया था, उसके संबंध में उनके पास कोई सबूत नहीं है। बट्ट का कहना है कि उनके बयान को तोड़मोड़कर पेश किया गया।
बट्ट ने अपने बयान में कहा, "मैं व्यक्तिगत और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से ईसीबी और इंग्लैंड के खिलाड़ियों से अपने उस बयान को लेकर माफी मांगता हूं। मैं अपना बयान वापस ले रहा हूं। यह दुखद है कि मेरे उस बयान को लोग समझ नहीं सके। ऐसे में उसे तोड़मोड़कर पेश किया गया।"
बट्ट लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान सामने आए मैच फिक्सिंग विवाद के आरोपियों-मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद आमेर और कप्तान सलमान बट्ट को बचाने की प्रक्रिया में लंदन पहुंचे हैं। यहां उन्होंने इस मामले को देख रहे वकील और जांच एजेंसी-स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस से मुलाकात की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।