आयोजन समिति के सदस्यों और खुद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े सवालों से घिरे कलमाडी ने गुरुवार को कहा कि वह खेलों के बाद भी किसी स्तर की जांच के लिए तैयार हैं क्योंकि उनका मानना है कि सच सामने आना चाहिए।
कलमाडी ने गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज में आयोजित एक सम्मेलन में कहा, "खेलों के बाद भी मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं। मेरा मानना है कि सच को सामने लाने के लिए जांच होनी ही चाहिए।"
खेल गांव की व्यवस्था को मिल रही तारीफ से खुश कलमाडी ने कहा कि उनका शुरू से प्रयास रहा है कि खेलों के लिए हर तैयारी विश्वस्तरीय हो। कलमाडी ने खुद बुधवार को खेल गांव का दौरा किया था।
बकौल कलमाडी, "हमने खेलों के लिए हर स्तर पर विश्वस्तरीय तैयारी की है। खेल गांव अब तक के सभी खेल गावों से श्रेष्ठ है। अब तक जितने भी खिलाड़ी भारत पहुंचे हैं, सभी खेल गांव में ही रह रहे हैं। सभी ने हमारे इस प्रयास की तारीफ की है।"
3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में 71 देशों के 7000 खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे। 1982 के बाद देश में होने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।