नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने गुरुवार को कहा कि तीन अक्टूबर से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों को लेकर वह बिल्कुल दबाव में नहीं हैं।
सायना ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "राष्ट्रमंडल खेल जैसे बड़े आयोजन में किसी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी का सामना करना जूनियर खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। मैं मानती हूं कि राष्ट्रमंडल खेल महत्वपूर्ण आयोजन है और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं। मुझ पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है।"
विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना ने कहा कि वह बगैर दबाव के खेलते हुए विश्व की किसी भी खिलाड़ी को पराजित कर सकती हैं। बकौल सायना, "मैंने अब तक कई बार बिना दबाव के खेलते हुए कई बड़ी खिलाड़ियों को हराया है। आगे भी मैं ऐसा कर सकती हूं।"
सायना मानती हैं कि मेलबर्न राष्ट्रमंडल खेलों के बाद चार वर्ष के अंतराल में उनके लिए काफी कुछ बदला है। पहले उन पर अपेक्षाओं का दबाव नहीं था लेकिन अब यह दबाव साफ दिखता है।
सायना ने कहा, "चार वर्ष में मेरे लिए काफी कुछ बदला है। मेरे खेल में सुधार हुआ है। अब मेरा नाम विश्व की सबसे अच्छी खिलाड़ियों में आता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहती हूं। दिल्ली में भी मैं अच्छा प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करुं गी।"
सायना ने इस वर्ष लगातार तीन खिताब जीते हैं। साथ ही वह विश्व वरीयता क्रम में दूसरे क्रम पर पहुंची थीं। सायना ने कहा, "मैं अपनी रक्षात्कम प्रणाली पर काम कर रही हूं। साथ ही मैं कोर्ट पर अपने मूवमेंट पर भी ध्यान दे रही हूं। विश्व चैम्पियनशिप में खेलने के बाद मैंने अपनी इन कमियों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।