नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) में सरकारी नुमाइंदा और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रूपा सैनी ने महिला टीम के मुख्य कोच संदीप सोमेश और उनके सहायक खालिद मोदी को बर्खास्त करने की मांग की है।
सैनी ने अर्जेटीना में आयोजित विश्व कप में टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर सोमेश और मोदी को टीम से बाहर करने की मांग की है। भारतीय टीम विश्व कप में अपने तीन शुरुआती मैच हार गई थी। वह 12 टीमों की तालिका में नौवें स्थान पर रही थी।
सोमेश और मोदी इस सिलसिले में कुछ नहीं कहना चाहते लेकिन महिला हॉकी को लेकर सामने आए इस घटनाक्रम ने सबको चौंका दिया है। इस टीम को जुलाई में एक अन्य विवाद से गुजरना पड़ा था, जिसमें उस समय के मुख्य कोच महाराज किशन कौशिक पर एक खिलाड़ी ने शारीरिक शोषण के प्रयास का आरोप लगाया था।
सोमेश और मोदी ने कहा कि उन्होंने उनकी बर्खास्तगी की मांग से जुड़ी सैनी का पत्र नहीं देखा है। दोनों इस मसले पर इससे अधिक बोलने को इच्छुक नहीं दिखे।
जो लोग महिला हॉकी को करीब से जानते हैं, उन्हें यह अच्छी तरह पता होगा कि सैनी ने 2008 में भी मोदी और सोमेश को हटाने को लेकर मांग की थी। सोमेश और मोदी को कौशिक के नेतृत्व में पहली बार टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल किया गया था।
एक अधिकारी ने पहचान जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर कहा, "सैनी तो काफी पहले से ही सोमेश और मोदी को निशाने पर लेना चाहती हैं। सोमेश प्रबंधक के तौर पर अर्जेटीना गए थे, ऐसे में उन्हें बतौर कोच टीम से बाहर करने का सवाल उठाना कहां तक जायज है?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।