राष्ट्रमंडल खेल : पदक पर है महिला हॉकी टीम की निगाह
गुरुवार को इस टीम ने अभ्यास मैच में अपने से काफी निचले क्रम की कनाडाई टीम को 3-1 से पराजित किया। इससे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा है लेकिन रानी रामपाल को बुखार होने के कारण टीम में थोड़ी बहुत निराशा भी है।
रामपाल ने अर्जेटीना में आयोजित विश्व कप में 11 गोल करके सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का ताज हासिल किया था।
टीम के मुख्य कोच संदीप सोमेश ने कहा है कि रामपाल चार अक्टूबर से शुरू हो रहे मुकाबलों के लिए पूरी तरह फिट हो जाएंगी।
सोमेश ने कहा, "रामपाल को बहुत अधिक बुखार है लेकिन उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि वह चार अक्टूबर को स्कॉटलैंड के साथ होने वाले पहले मुकाबले के लिए समय रहते फिट हो जाएंगी।"
भारतीय टीम को वेल्स के साथ अपना दूसरा मैच खेलना है। वेल्स के साथ भारतीय टीम का अभ्यास मैच शुक्रवार को खेला जाना है। इस लिहाज से यह मैच भारत के लिए अहम साबित होगा।
सोमेश ने कहा, "हम वेल्स के साथ शुक्रवार को अभ्यास मैच खेलेंगे। इस मैच में हम रामपाल को नहीं उतारेंगे। वह आराम करेंगी। यह अभ्यास मैच है और इसी कारण हम रामपाल की सेहत के साथ किसी प्रकार का जोखिम मोल लेना नहीं चाहते।"
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय टीम का रिकार्ड अच्छा रहा है। इस टीम ने 2002 में मैनचेस्टर में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था जबकि इसे 2006 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक मिला था।
भारतीय टीम को ग्रुप-ए में मौजूदा चैम्पियन आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, स्कॉटलैंड और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के साथ रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
