नई दिल्ली में 12 दिनों तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान पूर्वोत्तर के कलाकार पारंपरिक नृत्य के साथ ही संगीत की प्रस्तुति देंगे। राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान तीन अक्टूबर को मशहूर मिजो बंबू डांस का आयोजन किया जाएगा।
त्रिपुरा के संस्कृति एवं सूचना विभाग के एक अधिकारी कुमार सिन्हा ने बताया, "असम, त्रिपुरा, मणिपुर और नागालैंड के कलाकार अपने पारंपरिक नृत्य को प्रस्तुत करेंगे।"
सिन्हा ने बताया कि पूर्वोत्तर के कलाकार नार्थ इस्ट जोन कल्चरल सेंटर (एनईजेडसीसी) के साथ इस सप्ताह की शुरुआत में ही नई दिल्ली रवाना हो गए।
मिजोरम के एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 80 डांसर जिसमें महिलाएं और पुरुष भी शामिल हैं, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बबूं डांस प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा त्रिपुरा के दस कलाकार होजागिरी नृत्य प्रस्तुत करेंगे जिसमें जनजातीय पुरुष और महिलाएं भी शामिल होंगी।
सिन्हा ने बताया कि होजागिरी नृत्य त्रिपुरा में काफी प्रसिद्ध है और इसे रूस, अमेरिका, जापान और बांग्लादेश में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान प्रस्तुत किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।