For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

उद्घाटन में चंद लम्हे बाकी, सुरक्षा चाक-चौबंद

By Neha Nautiyal

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स भारत में हो रहे खेलों के इस सबसे बड़े आयोजन का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इन खेलों के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब दो लोग इस समारोह की शुरुआत करेंगे।

सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेने के लिए शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने आयोजन स्थलों का दौरा किया था। चिदम्बरम ने खास तौर पर नेहरू स्टेडियम का दौरा किया था। खेलों के आयोजन स्थलों की सुरक्षा के लिए 29,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों की 195 कम्पनियां भी तैनात रहेंगी।

इस तरह तकरीबन एक लाख सुरक्षाकर्मी आयोजन स्थलों की सुरक्षा करेंगे। अर्धसैनिक बलों में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीआरपीएफ तथा नगालैंड पुलिस के जवानोंे की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्टेडियम में दिल्ली पुलिस के 50 खोजी कुत्ते भी तैनात किए गए हैं।

दिल्ली पुलिस ने खेलों के लिए अपने खोजी कुत्तों के दल में 70 नए कुत्तों को शामिल किया है। इन्हें विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया गया है। इस तरह दिल्ली पुलिस में खोजी कुत्तों की कुल संख्या 200 पहुंच गई है। सुरक्षा के मद्देनजर इस बात का ध्यान रखा जा रहा कि इन कुत्तों को 15 अक्टूबर तक एक ही जवान के साथ रखा जाए, जिससे कि वह अपना बेहतरीन काम कर सके।

स्टेडियम की ओर आने वाली सभी सड़कों को आम यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। स्टेडियम से लगभग एक किलोमीटर दूरी से ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस और कमांडो जवानों को तैनात देखा जा सकता है। यह नजारा भारत में कहने को तो आम है लेकिन किसी स्टेडियम की इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था इससे पहले कभी नहीं देखी गई।

उद्घाटन को लेकर दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए गृह मंत्रालय ने खेलों के मद्देनजर सलाह जारी की है, कई तरह के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उद्घाटन समारोह के चलते सरकार ने रविवार को दिल्ली में शॉपिंग मॉल और बाजारों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

बहरहाल, तीन घंटे तक चलने वाले उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स करीब 65,000 दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत की आधिकारिक घोषणा करेंगे।

दुनियाभर के लोग टेलीविजन के जरिए इस समारोह के गवाह बनेंगे। समारोह के दौरान हजारों युवा कलाकारों के द्वारा संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समारोह में विभिन्न प्रतिभागी अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए रैली निकालेंगे। समारोह की शुरुआत में क्वींस बैटन ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी रैली पूरी करते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी।

शुभारंभ समारोह के मेहमानों में न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद, मोनाको के राजकुमार अल्बर्ट द्वितीय और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद व नौरू के राष्ट्रपति मरकस स्टीफन मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जैक्स राग और राष्ट्रमंडल खेल संघ प्रमुख माइक फेनेल भी उपस्थित रहेंगे।

समारोह छह हिस्सों में होगा, जिसमें करीब 7,000 स्त्री-पुरुष और बच्चे हिस्सा लेंगे। इसके तहत 'रिद्म ऑफ इंडिया', 'स्वागतम', 'ट्री ऑफ नॉलेज', 'योगा', 'ग्रेट इंडियन जर्नी' खण्ड होंगे और अंतिम हिस्से में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान राष्ट्रमंडल खेल गीत 'जियो-उठो-बढ़ो -जीतो' प्रस्तुत करेंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:45 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+