For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

मोहाली टेस्ट : पहली पारी में 23 रनों से पिछड़ा भारत (राउंडअप)

By Neha Nautiyal

भारतीय पारी के दौरान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (98), सुरेश रैना (86), राहुल द्रविड़ (77) और वीरेंद्र सहवाग (59) ने अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन इनमें से कोई भी शतक नहीं लगा सका। सचिन महज दो रनों से शतक से चूक गए वहीं रैना 86 रन से आगे नहीं बढ़ सके। इससे भी निराशाजनक बात यह रही की ये सभी नामचीन खिलाड़ी लापरवाही भरे शॉट्स खेलकर आउट हुए और भारत ने अपने अंतिम पांच विकेट महज 51 रनों पर गंवा दिए।

आस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज मिशेल जानसन ने सर्वाधिक पांच विकेट हासिल किए जबकि नाथन हॉरित्ज और डग बोलिंगर को दो-दो विकेट मिले। एक विकेट मार्कस नार्थ के खाते में गया।

सचिन और रैना ने पांचवें विकेट के लिए 124 रनों साझेदारी कर एक बार भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। 354 रनों के कुल योग पर सचिन के 98 रनों पर आउट होने के बाद आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल जानसन ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और हरभजन सिंह को लगातार दो गेंदों में पेवेलियन की राह दिखाकर भारतीय टीम को बैकफुट पर ला दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जहीर खान, वी.वी. एस. लक्ष्मण कुछ खास नहीं कर पाए। रैना भी 86 के योग पर चलते बने।

सचिन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए धौनी ने एक छक्का व एक चौका लगाकर हाथ खोलने की कोशिश की लेकिन जानसन की एक गेंद पर वह चकमा खा गए और स्लीप में शेन वाटसन को कैच थमा बैठे।

धौनी को तीसरे अम्पायर ने आउट करार दिया। टेलीविजन रिप्ले में स्पष्ट दिख रहा था कि गेंद टप्पा खाने के बाद वाटसन के हाथों में गई। उन्हें आउट करार दिए जाने पर कमेंटेटरों ने भी आश्चर्य व्यक्त किया। धौनी ने 28 गेंदों पर 14 रन बनाए।

धौनी को आउट करार दिए जाने के अगली ही गेंद पर जानसन ने हरभजन को भी आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके।

खेल के तीसरे दिन सचिन पूरी सूझबूझ के साथ अपने करियर के 49वें शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन वह मार्कस नॉर्थ की एक फिरकी को समझने में चूक गए और पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 189 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 98 रन बनाए। वह महज दो रनों से अपना 49वां टेस्ट शतक लगाने से चूक गए।

तीसरे दिन के पहले सत्र में ही भारतीय टीम को ईशांत शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद शानदार लय में चल रहे राहुल द्रविड़ भी पेवेलियन लौट गए। दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलते हुए दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने नाइटवाचमैन की भूमिका में मैदान पर आए ईशांत शर्मा के साथ मिलकर पारी को बड़े ही खूबसूरत अंदाज में आगे बढ़ाया। इस दौरान ईशांत ने उनका बखूबी साथ निभाया लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। ईशांत डॉग बोलिंगर की एक गेंद को पढ़ने में चूक गए और क्लीन बोल्ड हो गए। ईशांत ने 18 रन बनाए।

ईशांत के पेवेलियन लौटने के बाद द्रविड़ और तेंदुलकर ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। इस दौरान द्रविड़ ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। द्रविड़ 77 के निजी स्कोर पर बोलिंगर का शिकार बन गए। इसके बाद सचिन ने अपने टेस्ट करियर का 57वां अर्धशतक लगाया। इसके बाद युवराज सिंह के मुकाबले तरजीह पाकर टीम में शामिल हुए रैना ने एक बार फिर चयनकर्ताओं और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के फैसले को सही साबित किया। अपने करियर का तीसरा टेस्ट खेल रहे रैना ने तीसरा अर्धशतक जड़ा। वह 86 के योग पर आउट हुए।

आस्ट्रेलिया की पहली पारी के 428 रनों के जवाब में दूसरे दिन वीरेंद्र सहवाग ने भारत को पहली पारी में तेज शुरुआत दी थी। उन्होंने दूसरे दिन 54 गेंदों में 59 रनों की तेज पारी खेली। वह मिशेल जानसन की गेंद पर माइकल क्लार्क के हाथों लपके गए। गौतम गंभीर भी 25 रन बनाकर जानसन का शिकार बने।

आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 428 रन बनाए थे। मेहमान टीम की ओर से शेन वाटसन ने सर्वाधिक 126 और टिम पैन ने 92 रन बनाए थे। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान रिकी पोंटिंग ने 71 रनों का योगदान दिया। मिशेल जानसन ने भी 47 रन बनाए थे।

भारत की ओर से जहीर खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30 ओवरों में सात मेडन फेंकते हुए 94 रन खर्च किए और पांच विकेट चटकाए। जहीर के टेस्ट करियर में 10वां मौका था जब उन्होंने एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए। उनके अलावा इस मैच में हरभजन सिंह ने भी 114 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट ओझा के नाम रहा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:45 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+