राष्ट्रमंडल खेल: विदेशी पत्रकारों ने माना भारत का लोहा (लीड-1)
आस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने जहां भारत की तैयारियों को विश्वस्तरीय करार दिया है वहीं खेलों को कवर करने आए कीवी पत्रकारों ने 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन को अद्भुत और अनुपम करार दिया।
न्यूजीलैंड ब्राडकॉस्टिंग कारपोरेशन के कैमरामैन पॉल हेनले ने कहा कि उन्होंने उद्घाटन समारोह स्टेडियम में बैठकर नहीं देखा लेकिन होटल के कमरे में बैठकर भी उन्होंने महसूस किया कि भारत की तैयारियां सचमुच विश्वस्तरीय हैं।
हेनले के मुताबिक उनके कई साथियों ने स्टेडियम में उद्घाटन समारोह देखा। सबका कहना है कि तैयारियों में कोई कसर नहीं रह गई है। सबने खास तौर पर एरोस्टेट की तारीफ की। उनके मुताबिक एरोस्टेट ने उद्घाटन समारोह में चार चांद लगा दिये।
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग का फाइनल देखने पहुंचे आस्ट्रेलिया के पत्रकार स्टीवन जेम्स ने कहा कि अब तक सबकुछ बहुत अच्छा चल रहा है। समापन समारोह तक सफलता का यही दौर जारी रहा तो भारत के लिए यह महान सफलता का अवसर होगा।
स्टीवन की साथी कैमरामैन जोस मैरिएन ने कहा कि वह आने वाले दिनों में भारत में रहने का जमकर लुत्फ उठाना चाहती हैं और अपने साथ कुछ सुनहरी यादें ले जाना चाहती हैं।
यह पूछे जाने पर कि खेलों की तैयारियों के लिए उनके देश की टीम ने सबसे अधिक आलोचना की थी, मैरिएन ने कहा कि जो खबरें आ रही थीं, उसके मुताबिक खेल गांव और कई आयोजन स्थलों में कई तरह की दिक्कतें थी। इस कारण आलोचना का बाजार गर्म था लेकिन अब उनके देश की मीडिया भी भारत की तारीफ करनी शुरू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications