राष्ट्रमंडल खेल : कुश्ती में पहलवानों ने झटके 3 स्वर्ण
भारतीय पहलवानों ने ग्रीको रोमन कुश्ती के तीन वर्गो क्रमश : 60 किलोग्राम, 74 किलोग्राम और 96 किलोग्राम वर्ग में अपना झंडा लहराया। 60 किलोग्राम वर्ग में रवींद्र कुमार, 74 किलोग्राम वर्ग में संजय कुमार और 96 किलोग्राम वर्ग में अनिल कुमार ने जीत हासिल कर भारत की झोली में सिर्फ कुश्ती में तीन स्वर्ण पदक डाले।
60 किलोग्राम वर्ग में रवींद्र कुमार ने ब्रिटेन के क्रिस्टोफर टेरेस बॉसन को 7-2 से पराजित किया। रवींद्र ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में मंगलवार को घरेलू दर्शकों की हौसला अफजाई के बीच क्वालीफाइंग में श्रीलंका के एएसएसडी कुमार को 13-0 से पराजित किया।
इसके बाद भी रवींद्र का सफर जारी रहा। मंगलवार को ही खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वह नाइजीरिया के जोसफ रोमिया पर 8-0 से हावी रहे थे।
राष्ट्रमंडल खेलों में ग्रीको रोमन कुश्ती में स्वर्ण हासिल करने वाले पहले पहलवान बने रवींद्र ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं अपनी सफलता से बेहद खुश हूं। मुझे खुशी इस बात की है कि मैं ग्रीको रोमन में देश को स्वर्ण दिलाने वाला पहला पहलवान हूं।"
रवींद्र ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि फाइनल मुकाबला देखना बड़ी संख्या में कुश्ती के चाहने वाले इंदिरा गांधी स्टेडियम में पहुंचे। बकौल रवींद्र, "घरेलू दर्शकों का साथ बहुत फायदेमंद रहा। मैंने इसका भरपूर लाभ उठाया और बॉसन को एक भी अंक नहीं हासिल करने दिया। मैं बहुत खुश हूं।"
रवींद्र ने कहा कि इस मुकाबले को देखने के लिए उनके पिता और भाई भी पहुंचे थे और सबको उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व है।
इस प्रतियोगिता में भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाने वाले संजय कुमार ने दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड ब्रायन एडीनाल को 2-0 से पराजित किया। संजय ने क्वालीफाइंग में सामोआ के लाउपुले इकेरोमा को 3-0 से हराया था। सेमीफाइनल में संजय ने नाइजीरिया के प्रेफेगा किरिबेन को 2-0 से हराने में सफलता हासिल की थी।
अनिल कुमार ने आस्ट्रेलिया के एच. फकीरी को 6-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद फकीरी को नियमों के उल्लंघन के चलते रजत पदक से वंचित होना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications