राष्ट्रमंडल खेल :पुरुष हॉकी टीम के लिए बेहतर खेल दिखाने का वक्त
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की पुरुष हॉकी टीम को गुरुवार को ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आस्ट्रेलियाई टीम का सामना करना है। यह मैच भारत के लिए बेहद अहम है क्योंकि मलेशिया के खिलाफ टीम में कई तरह के मनमुटाव सामने आए थे।
मलेशिया के खिलाफ टीम को जीत मिली थी लेकिन अंतिम समय में मिले दोहरे पेनाल्टी कार्नर को लेकर जो असंतोष की लहर उठी थी, वह टीम के आगे के सफर के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
आस्ट्रेलिया मौजूदा विश्व चैम्पियन है। दोनों टीमों के बीच मार्च में खेले गए विश्व कप के दौरान ध्यानचंद स्टेडियम में ही भिड़त हुई थी। आस्ट्रेलिया ने उस मैच को 5-1 से जीता था। भारत के सामने यह मैच जीतने के साथ-साथ उस हार का हिसाब भी चुकाने का वक्त और लक्ष्य है।
मलेशिया ने भारतीय टीम को जीत के लिए काफी तरसाया था। खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी ने भारत का काम काफी कठिन बना दिया था। खासतौर पर अग्रिम पंक्ति और रक्षा पंक्ति में तालमेल की बेहद कमी देखी गई थी।
मध्यपंक्ति ने अच्छा खेल दिखाया था लेकिन आगे और पीछे से साथ नहीं मिलने के कारण उसका सारा प्रयास बेकार चला गया। भारत ने निश्चित तौर पर पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने को लेकर अच्छी प्रगति की है लेकिन सिर्फ और सिर्फ पेनाल्टी कार्नर पर आश्रित रहना टीम को महंगा पड़ सकता है।
आस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ वैसे भी पेनाल्टी कार्नर मिलने की संभावना काफी कम रहती है क्योंकि यह टीम खुद ही काफी चढ़कर खेलती है। ऐस में भारतीय खिलाड़ियों को आपसी तालमेल को सुधारते हुए गोल करने का प्रयास करना चाहिए।
मलेशिया के साथ हुए मैच के बाद टीम में असंतोष दिखा था। कुछ वरिष्ठ खिलाड़ी पेनाल्टी कार्नर के प्रयास में विविधता नहीं लाने के लेकर कप्तान राजपाल सिंह से नाराज दिखे। यह सब तब हो रहा है कि जब मुख्य कोच जोस ब्रासा टीम की एकता बनाए रखने के लिए नए फार्मूला अपना रहे हैं।
खेल गांव में भारतीय टीम को एक नए माहौल में रखने का प्रयास किया जा रहा है। टीम के सभी सदस्य एक साथ खाते हैं और काफी वक्त साथ-साथ बिताते हैं। इसके अलावा उनके अंदर देशभक्ति की अलख जगाए रखने के लिए उनके कमरों में खासतौर पर तिरंगा लगाया गया है।
यह सब सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि टीम की एकता बनी रहे है और इसका असर मैदान पर उसके प्रदर्शन में दिखे लेकिन मलेशिया के खिलाफ जो कुछ हुआ वह अफसोसजनक है। इसे निकलकर टीम को आस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा खेल दिखाना होगा और कम से कम ड्रा का प्रयास करना होगा क्योंकि इससे उसके सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता साफ हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
