राष्ट्रमंडल खेल : 14 स्वर्ण सहित भारत के पदकों की संख्या 31 हुई (लीड-2)
गुरुवार को निशानेबाजों ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक भारत की झोली में डाले तो महिला पहलवानों ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीते। तीरंदाजों ने एक रजत और एक कांस्य पदक देश के नाम किया।
विजय कुमार और गुरप्रीत सिंह ने आज स्वर्ण पर पहला निशाना साधा। कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में विजय और गुरप्रीत की जोड़ी ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाला। विजय ने 587 अंक हासिल किए जबकि उनके साथी गुरप्रीत ने 575 अंक प्राप्त किए। इस तरह दोनों संयुक्त रूप से 1162 अंकों के स्कोर के साथ पहले स्थान पर रहे और भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।
निशानेबाज ओमकार सिंह ने गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर पुरुषों की 10 मीटर की एयर पिस्टल स्पर्धा में आज का तीसरा स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाला जबकि रंजन सोढ़ी ने डबल ट्रेप शूटिंग में रजत पदक जीता।
इससे पहले महिला पहलवान गीता ने कुश्ती में देश के लिए आज का दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 55 किलोग्राम वर्ग के फ्रीस्टाइल कुश्ती में आस्ट्रेलिया की एमिली बेंसटेड को 11-0 से हराकर यह पदक हासिल किया।
निर्मला देवी ने 48 किलोग्राम वर्ग का रजत जीता। उन्होंने कनाडा की केरोल ह्यून को 12-0 से पराजित किया। सुमन कुंडु ने 63 किलोग्राम वर्ग का कांस्य अपने नाम किया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की ज्यूमिक गेरिंजर को 9-2 से हराया।
तीरंदाजी की टीम स्पर्धा में रितुल चटर्जी, जिगनास चिट्टिबोमो और चीना राजू श्रीथर ने रजत पदक जीता तो महिलाओं ने कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय महिलाओं ने मलेशिया को 223-217 से हराकर यह पदक जीता है। भारतीय टीम में भेग्यवती चानू, झानो हंसादह और गगनदीप कौर शामिल थीं।
राष्ट्रमंडल खेलों में 28 साल पहले तीरंदाजी को जगह मिली थी। इसके बाद से इन खेलों में भारत ने पहली बार तीरंदाजी का कोई पदक जीता है। यमुना स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स में सेमीफाइनल मुकाबला गंवाने के बाद गगनदीप ने कहा, "भारत ने तीरंदाजी में पहली बार पदक जीता है। मैं इसका एक हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं। हमने सेमीफाइनल में जीत के लिए बहुत कोशिश की, परंतु ऐसा नहीं हो सका।"
उधर, गुरुवार को बैंडमिंटन की मिश्रित वर्ग की स्पर्धा में भारत के पदक जीतने की संभावना प्रबल हो गई। इस स्पर्धा में भारत, कनाडा को 3-0 से हराकार सेमीफाइनल में प्रवेश कर गया।
मिश्रित युगल में ज्वाला गुट्टा और वी दीजू की जोड़ी ने ग्रेस गाओ और एनजी टोबी की जोड़ी को 21-8, 21-12 से पराजित किया। पुरुषों के एकल मुकाबले में चेतन आनंद ने डेविड स्नाइडर को 21-18, 21-17 से मात दी।
बैडमिंटन की दुनिया में भारतीय स्टार सायना नेहवाल ने जीत के सिलसिले को कायम रखा। उन्होंने महिलाओं के एकल मुकाबले में एना राइस को 21-16, 21-13 से हरा दिया। बैंडमिंटन की मिश्रित स्पर्धा में भी भारतीय जोड़ी ने कनाडा को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरी वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा आठवीं वरीयता प्राप्त न्यूजीलैंड की मैरिना इरेकोविक को 6-2, 6-3 से हराकर महिला एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गईं।
उधर, टेनिस में शीर्ष वरीयता प्राप्त सोमदेव देववर्मन राष्ट्रमंडल खेलों में गुरुवार को छठी वरीयता प्राप्त न्यूजीलैंड के रूबिन स्टेथम को 6-3, 6-4 से हराकर पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications