राष्ट्रमंडल खेल : भनोट ने कहा, 'कलमाडी ने युगांडा अधिकारियों से माफी मांगी' (लीड-1)
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने खेलगांव में हुए हादसे के लिए माफी मांगी है। खेलगांव में हुई एक घटना में युगांडा के तीन अधिकारी घायल हो गए थे।
आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भनोट ने एक संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं से कहा कि कलमाडी ने उच्चायुक्त को एक पत्र भेजा है और जो कुछ भी हुआ उसके लिए माफी मांगी है।
इस बीच युगांडा की उच्चायुक्त निमिशा माधवानी ने आयोजन समिति के उनसे माफी मांगने की बात से इंकार किया है।
माधवानी ने आईएएनएस से कहा, "खेल मंत्री चार्ल्स बक्काबुलिंदी या मुझे कलमाडी की ओर से कोई संदेश या माफी पत्र नहीं मिला है।"
गौरतलब है कि खेलगांव में लगा एक सुरक्षा उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहा था। जब युगांडा के तीनों अधिकारियों को लेकर उनकी कार वहां पहुंची तो यह उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहा था और घटना में तीनों अधिकारी घायल हो गए थे जबकि एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद गुरुवार को युगांडा के खेल मंत्री ने भारत की ओर से माफी मांगे जाने की मांग की थी।
बाद में राष्ट्रमंडल खेल संघ के प्रमुख माइकल फेनेल ने भी मंगलवार रात हुई इस दुर्घटना के लिए अफसोस जताया था।
युगांडा के खेल मंत्री चार्ल्स बक्काबुलिंदी ने कहा कि वह भारतीय अधिकारियों के इस रवैये से निराश हैं, क्योंकि कोई भी अधिकारी घायल अधिकारियों को राहत देने भी नहीं पहुंचा।
उल्लेखनीय है कि इस हादसे में युगांडा दल के प्रमुख विलियम टुमविन, प्रशासनिक अधिकारी इरेन और प्रेस अधिकारी जूलियट घायल हो गए थे। खेलगांव में प्रवेश करते समय इनकी कार बैरिकेडिंग से टकरा गई थी। जिसके बाद 'टायर किलिंग' उपकरण ने इनकी कार को दुर्घटनाग्रस्त कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
