राष्ट्रमंडल खेल : संचार संबंधी भूल ने लिया पियर्सन का स्वर्ण पदक
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। कहा जा रहा है कि आस्ट्रेलियाई एथलीट सैली पियर्सन ने चूंकि गलत शुरुआत करते हुए सबसे पहले लाइन को पार किया, इसी कारण उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया और परिणामस्वरूप हाथ आया स्वर्ण पदक, उनके हाथों से फिसल गया।
महिलाओं की 100 मीटर की अंतिम स्पर्धा में सबसे आगे निकलने वाली पियर्सन को इंग्लैंड की टीम द्वारा विरोध जताने के बाद अयोग्य करार दे दिया गया। इंग्लैंड की धाविका कैथरीन एंडेकॉट तीसरे स्थान पर आईं।
पियर्सन को अयोग्य करार दिए जाने के बाद नाईजीरिया की ओसेयेमी ओलुडैमोला को विजेता घोषित कर दिया गया।
पियर्सन इस घटना से हतप्रभ हैं और मीडिया के साथ भावुक बातचीत में उन्होंने कहा, "फिलहाल मैं अवाक हूं, मुझे यह भी नहीं पता कि मुझे कैसा अनुभव हो रहा है। मैं वाकई में टूट गई हूं और निराश हूं।"
राष्ट्रमंडल खेल परिसंघ के अध्यक्ष माइक फेनेल ने कहा, "कई सारी बातें एक साथ घटित हुईं। परिणाम घोषित हो जाए, उसके बाद किसी निश्चित समय में आपको अनुमति हो कि आप अपना विरोध जाहिर करें। किसी ने यह नहीं बताया कि पहले ही विरोध किया गया था।"
फेनेल ने कहा, "जो अपील शुरू हुई थी, उससे अवगत कराने को लेकर समस्या हुई। इस मामले में एथलेटिक्स अधिकारियों की ओर से संचार संबंधी एक बड़ी भूल हुई।"
फेनेल ने कहा, "यदि कोई आपत्ति है तो खिलाड़ी को वहीं रोक लेना चाहिए और उन्हें उसका कारण बता देना चाहिए। हमें इस बारे में शिकायत मिली है। लेकिन वह उपचार संतोषजनक नहीं है।"
पियर्सन, अपना स्वर्ण पदक प्राप्त करने का इंतजार कर रही थीं, तभी स्पर्धा समाप्त होने के चार घंटे बाद उन्हें सूचित किया गया कि वह अयोग्य घोषित कर दी गई हैं।
आंखों में आंसू भरे पियर्सन ने कहा, "मुझे बताया गया था कि मैंने कोई गड़बड़ी नहीं की है। मैं पदक प्राप्त करने के लिए तैयार थी, लेकिन तभी हमें वापस बुला लिया गया और बताया गया कि मेरे बारे में एक आपत्ति दर्ज कराई गई है।"
पियर्सन ने कहा, "मुझे किसी ने नहीं बताया कि यह आपत्ति किस बारे में थी और किसके खिलाफ थी। यह संभवत: सबसे ज्यादा निराश करने वाली बात रही। मुझे सभी तरह की अलग-अलग कहानियां बताई गईं। मुझे कभी सच नहीं बताया गया और न तो यही बताया गया कि आखिर हो क्या रहा है। मैं इसे अच्छा नहीं मानती हूं।"
पियर्सन ने कहा, "यह मेरा भविष्य है। दौड़ में हिस्सा लेना, जीतना और यह बताया जाना कि सबकुछ ठीक है, फिर बताया जाना कि आपको पदक नहीं मिल सकता.. मुझे यह सबकुछ झेलना है।"
आस्ट्रेलियाई टीम के प्रबंधक एरिक हॉलिंग्सवर्थ ने कहा कि यह घटना केवल पियर्सन के लिए ही झटका नहीं है, बल्कि देश के लिए भी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
