बेंगलुरू टेस्ट : पहले दिन आस्ट्रेलिया ने बनाए 285 रन (राउंडअप)
श्रृंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलिया की टीम ने स्थानीय एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मेहमान टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों शेन वाटसन और साइमन कैटिच ने कप्तान पोंटिंग के फैसले को सही साबित करते हुए सधी हुई शुरुआत की। दोनों ने पहले सत्र में भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और 95 रन जोड़े।
भोजनकाल के ठीक बाद कैटिच हरभजन सिंह की एक गेंद को समझने से चूक गए और 43 के निजी स्कोर पर पेवेलियन लौट गए। इसके कुछ देर बाद ही वाटसन भी प्रज्ञान ओझा का शिकार बन गए। इससे पहले वाटसन ने 88 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली। वाटसन और कैटिच के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई।
सलामी बल्लेबाजों के पेवेलियन लौटने के बाद पोंटिंग ने माइकल क्लार्क के साथ मिलकर पारी को मजबूत बनाने की कोशिश की लेकिन क्लार्क लंबे समय तक उनका साथ न दे सके। क्लार्क को हरभजन सिंह की गेंद पर सुरेश रैना ने लपका। क्लार्क सिर्फ 14 रन ही बना सके। इस समय आस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 132 रन था।
क्लार्क के आउट होने के बाद माइक हसी कप्तान पोंटिंग का साथ देने मैदान में उतरे। उन्होंने संभल कर बल्लेबाजी की और पोंटिंग के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की। 198 के स्कोर पर हसी के रूप में आस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। तेज गेंदबाज जहीर खान ने उन्हें वीरेंद्र सहवाग के हाथों लपकवाया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए मार्कस नार्थ ने पोंटिंग का अच्छा साथ निभाया। संभलकर बल्लेबाजी कर रहे पोंटिंग ने इस बीच अपना धर्य खो दिया और सुरेश रैना की अंदर आती गेंद पर वह चकमा खा गए। अम्पायर ने एलबीडब्ल्यू करार दिया। आउट होने से पहले पोंटिंग ने सर्वाधिक 77 रन बनाए। नार्थ के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए उन्होंने 58 रनों की साझेदारी की।
पोंटिंग के आउट होने के बाद नार्थ ने मोर्चा संभाला। टिम पैन ने भी उनका अच्छा साथ दिया। दिन का खेल होने तक दोनों ने आस्ट्रेलिया का और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। खेल खत्म होने तक नार्थ 43 रनों पर नाबाद थे जबकि पैन आठ रन पर उनका साथ दे रहे थे।
भारत की ओर से हरभजन सिंह ने आज दो विकेट लिए जबकि खान, रैना और प्रज्ञान ओझा को एक-एक विकेट मिले।
इस मैच में भारत के स्टार बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण और गौतम गंभीर अनफिट होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय को टीम में जगह दी गई है। पहले मैच में गेंद और बल्ले से जौहर दिखाने वाले ईशांत शर्मा भी नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह एस. श्रीसंत टीम में शामिल किए गए हैं। इस मैच से पुजारा का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण हो रहा है। आस्ट्रेलियाई टीम में भी एक परिवर्तन किया गया है। डॉग बोलिंगर के स्थान पर पीटर जॉर्ज को टीम में शामिल किया गया है।
यह मुकाबला दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का आखिरी मैच है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को एक विकेट से हरा दिया था। ऐसे में आस्ट्रेलिया श्रृंखला बचाने के लिए यहां हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। दूसरी ओर भारत की कोशिश इस श्रृंखला को जीतने की रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
