नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के अनुभवी तीरंदाज राहुल बनर्जी पुरुषों की रिकर्व स्पर्धा के व्यक्तिगत मुकाबलों के फाइनल में पहुंच गए हैं। सेमीफाइनल में राहुल ने आस्ट्रेलिया के एम. गैरी को पराजित किया।
राहुल ने गैरी को शूटऑफ में पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में उन्हें शूटऑफ के जरिए जीत मिली थी। इस तरह व्यक्तिगत रिकर्व में भारत का एक पदक तय हो गया है। उनके अलावा जयंत तालुकदार भी सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
सेमीफाइनल में भी राहुल को गैरी से जोरदार टक्कर मिली। पहले सेट में 25, दूसरे सेट में 27, तीसरे सेट में 27, चौथे में 27 और पांचवें सेट में 26 अंक जुटाने वाले राहुल चार सेट अंक हासिल करने में सफल रहे। गैरी ने भी इतने ही सेट अंक हासिल किए। पांचवें सेट में दोनों ने 26-26 अंक जुटाए जिसके बाद 4-4 सेट अंक के आधार पर दोनों के बीच टाइ हुई। टाइ तोड़ने के लिए शूटऑफ हुआ जिसमें राहुल को 8-7 से जीत मिली।
राहुल ने यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आस्ट्रेलिया के मेट मेनोनवेल्स को शूटआउट के जरिए पराजित किया जबकि तालुकदार ने इंग्लैंड के एस. टेरी का पत्ता साफ किया। तालुकदार ने टेरी के खिलाफ चार सेट जुटाए लेकिन मेट ने प्रतियोगिता के पहले वरीयता प्राप्त खिलाड़ी राहुल को जोरदार टक्कर दी और पांच सेटों के बाद भी स्कोर बराबरी तक रखने में सफल रहे।
नवीं वरीयता प्राप्त मेट ने जहां पांच सेट में 27, 26, 27, 30 और 24 अंक हासिल किए वहीं राहुल ने 26, 29, 29, 28 और 24 अंक जुटाए। इस तरह दोनों के हिस्से 136 अंक आए। इसके बाद इस क्वार्टर फाइनल मुकाबले का फैसला शूट आउट के जरिए होना था, जिसमें राहुल ने 10 अंक हासिल किए जबकि मेट नौ अंक ही हासिल कर सके।
भारतीय तीरंदाजी टीम ने 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। तीरंदाजी टीम अब तक दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीत चुकी है। रविवार को दीपिका कुमारी ने रिकर्व व्यविक्तग स्पर्धा में स्वर्ण जीता जबकि अनुभवी डोला बनर्जी ने कांस्य हासिल किया। राहुल डोला के छोटे भाई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*