बेंगलुरू, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्थानीय एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के दूसरे दिन रविवार को आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम मार्कस नॉर्थ के नाबाद अर्धशतक की बदौलत बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है। मेहमान टीम ने पांच विकेट पर 340 रन बना लिए हैं।
श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलिया की टीम ने पहले दिन का खेल का समाप्त होने के समय पांच विकेट पर 285 रन बनाए थे। दूसरे दिन नॉर्थ ने टिम पेन ने पूरी सूझबूझ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। नॉर्थ 60 और पेन 28 रन बनाकर नाबाद हैं।
खेल के पहले दिन आस्ट्रेलिया के पांच खिलाड़ी आउट हुए थे। मेहमान टीम की ओर से कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों दकी पारी खेली थी। पहले दिन भारत की ओर से हरभजन सिंह ने दो विकेट चटकाए थे।
इस मैच में भारत के स्टार बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण और गौतम गंभीर अनफिट होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय को टीम में जगह दी गई है। पहले मैच में गेंद और बल्ले से जौहर दिखाने वाले ईशांत शर्मा भी नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह एस. श्रीसंत टीम में शामिल किए गए हैं। इस मैच से पुजारा का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण हो रहा है। आस्ट्रेलियाई टीम में भी एक परिवर्तन किया गया है। डॉग बोलिंगर के स्थान पर पीटर जॉर्ज को टीम में शामिल किया गया है।
यह मुकाबला दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का आखिरी मैच है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को एक विकेट से हरा दिया था। ऐसे में आस्ट्रेलिया को श्रृंखला बचाने के लिए यहां हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। दूसरी ओर भारत की कोशिश इस श्रृंखला को जीतने की रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।