राष्ट्रमंडल खेल (झलकियां) : सामानों पर छूट ढूंढते पुलिसकर्मी
राष्ट्रमंडल खेलों का प्रचार करने वाली सामग्रियों को बेचने वाली एक दुकान में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दुकान के प्रबंधक से छूट के बारे में पूछते हुए कहा, "यहां 50 रुपये में बेची जा रही इस टोपी को आप सदर बाजार में 15 रुपये में खरीद सकते हैं।" जवाब में प्रबंधक ने कहा कि सामग्रियों की कीमत तय है।
सानिया की बहन गगन की प्रशंसक :
सानिया मिर्जा टेनिस की बड़ी खिलाड़ी हैं, लेकिन उनकी छोटी बहन ऐनम राष्ट्रमंडल खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय निशानेबाज गगन नारंग की प्रशंसक हैं।
सानिया के मुताबिक उनकी बहन निशानेबाज नारंग की बहुत बड़ी प्रशंसक है। वह नारंग की स्पर्धा देखने गई थी। इस स्पर्धा में नारंग ने स्वर्ण पदक जीता था। मिर्जा बहनों की तरह नारंग भी हैदराबाद के हैं।
समलैंगिकों ने बढ़ाया हौसला
समलैंगिक खिलाड़ी मैथ्यू मिचम का हौसला बढ़ाने के लिए उनके समुदाय के काफी लोग पहुंच रहे हैं। गत बुधवार को एस.पी. मुखर्जी स्विमिंग कॉम्पलेक्स में तैराकी स्पर्धा में भाग लेने पहुंचे मैथ्यू के समर्थन के लिए काफी संख्या में समलैंगिक पहुंचे थे।
रविवार को हुए स्पर्धा में भी इनकी काफी भीड़ देखी गई। समलैंगिकों का कहना है कि वे मैथ्यू के सभी स्पर्धाओं में उनका हौसला बढ़ाने के लिए उपस्थित रहेंगे।
स्वयंसेवकों को चाहिए उपहार :
खेलों की आयोजन समिति ने खेलों की समाप्ति पर स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र देने की बात कही है लेकिन स्वयंसेवक इतने से संतुष्ट नहीं हैं। कई स्वयंसेवक खिलाड़ियों और शिष्टमंडलों से उपहार मांगते देखे गए हैं।
इन स्वयंसेवकों में ज्यादातर छात्र हैं। उनसे मिलने वाले उपहार बैग, टोपी, टीशर्ट और जर्सी को पाकर स्वयंसेवकों की खुशी दोगुनी हो गई है।
मच्छरों ने किया किरकिरा :
खिलाड़ियों को सांप, चूहों और कुत्तों ने तो परेशान किया ही, अब मच्छरों ने भी अपना आतंक फैला दिया है। रविवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे हॉकी मुकाबले को देख रहे ऑस्ट्रेलियाई पत्रकारों को मच्छरों ने परेशान कर दिया।
पत्रकारों की दरियादिली :
स्टेडियम में स्पर्धा के दौरान अक्सर खाली रहने वाली पत्रकार दीर्घा रविवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हॉकी मैच में भरी रही। अपनी सीट के लिए पत्रकार भागते नजर आए। कई पत्रकारों को खड़े होकर मैच देखना पड़ा। लेकिन इस असुविधा के लिए किसी पत्रकार ने शिकायत नहीं की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications