बेंगलुरू टेस्ट: भारत ने आस्ट्रेलिया के 6 विकेट चटकाए (लीड-4)
चौथे दिन 495 रनों पर भारतीय पारी खत्म होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजो को भारतीय स्पिन गेंदबाजों प्रज्ञान ओझा और हरभजन सिंह ने अपनी फिरकी में इस कदर उलझाया कि कप्तान रिकी पोंटिग को छोड़ उसका कोई भी बल्लेबाज मैदान पर नहीं टिक सका। पोंटिंग ने सर्वाधिक 72 रन बनाए। वह तेज गेंदबाज जहीर खान की गेंद पर वह एलबीडब्ल्यू करार दिए गए।
ओझा ने आस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों को पेवेलियन की राह दिखाई जबकि हरभजन ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।
दूसरी पारी में मेहमान टीम के सलामी बल्लेबाजों शेन वाटसन और साइमन कैटिच ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। प्रज्ञान ओझा ने वाटसन को पगबाधा कर इस जोड़ी को तोड़ा। वाटसन ने 31 रन बनाए। इसके कुछ देर बाद ही कैटिच 24 रन बनाकर हरभजन सिंह का शिकार बन गए। ओझा ने माइकल क्लार्क के रूप में भारत को तीसरी सफलता दिलाई।
माइक हसी भी 20 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर चलते बने। उनके रूप में आस्ट्रेलिया को चौथा विकेट गिरा। हसी को भी ओझा ने ही अपना शिकार बनाया। पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करने बाले मार्क्स नार्थ को इस बार हरभजन ने अपनी फिरकी में उलझा लिया और वह अपने व्यक्तिगत स्कोर में महज तीन ही रन जोड़ पाए। भज्जी ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
भारत को पोंटिंग के रूप में छठी सफलता मिली। जमकर खेल रहे पोंटिंग जहीर की एक गेंद को पढ़ने में चूक गए और अम्पायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू करार दिया।
इससे पहले, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के शानदार दोहरे शतक की बदौलत भारतीय टीम ने पहली पारी में 495 रन बनाए। भारत ने पहली पारी के आधार पर 17 रनों की बढ़त हासिल की। चौथे दिन सचिन के पेवेलियन लौटने के बाद भारत के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। मास्टर ब्लास्टर के आउट होने के बाद भारत के शेष चार बल्लेबाजों ने मिलकर कुल नौ रन ही जोड़े। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा पीटर जॉर्ज और नाथन हॉरिट्ज ने दो-दो विकेट लिए।
सचिन ने 363 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 214 रन बनाए। टेस्ट करियर में सचिन का यह छठा दोहरा शतक है। उनके अलावा भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने ही छह बार दो सौ से अधिक का आकड़ा पार किया है आस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन ने दूसरी बार दोहरा शतक लगाया है।
मैच के तीसरे दिन ही सचिन ने हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर अपने टेस्ट करियर का 49वां शतक पूरा किया था। मास्टर ब्लास्टर ने यहीं टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए थे। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128, कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
