बुधवार को भारत को एक और पदक मिल सकता है। सुपर हेवी वेट वर्ग में भारत के परमजीत समोता का सामना त्रिनिदाद के अब्दुल तारिक हक से होना है।
52 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले सुरंजॉय को बिना खेले ही स्वर्ण पदक मिल गया। उनके प्रतिद्वंद्वी केन्या के बेनसन जांगिरू रिंग में उतरे ही नहीं। आयोजकों की ओर से उनके रिंग में उतरने के कारणों का खुलासा नहीं किया गया। सुरंजय को वॉक ओवर मिला और साथ में मिला स्वर्ण पदक का तोहफा।
दिन का दूसरा मुकाबला भारत के मनोज कुमार और इंग्लैंड के ब्रैडले सांडर्स के बीच हुआ। इस मुकाबले में मनोज सांडर्स पर पूरी तरह हावी रहे और वह मुकाबला 11-2 से जीत गए। मनोज ने पहले दौर में 4-1 की बढ़त बनाई थी जबकि दूसरे दौर में उन्होंने इस बढ़त को 8-1 कर लिया। तीसरे दौर में मनोज तीन अंक जुटाने में सफल रहे जबकि सांडर्स को एक अंक मिला। इस तरह मनोज ने शानदार जीत के साथ देश को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।