नई दिल्ली,15 अक्टूबरः पूरे देश को इंतजार था कि विश्व शतरंज चैम्पियन बने विश्वनाथन आनन्द का स्वदेश लौटने पर कैसा स्वागत होता है. इंतजार की ये घड़ियां रविवार की आधी रात को राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आनंद के भव्य स्वागत के साथ समाप्त हुई और इस शानदार स्वागत से खुद विश्व चैम्पियन भी अभिभूत हो गए.
वास्तव में आनंद के स्वागत के ये भावुक क्षण थे क्योंकि शतरंज के बेताज बादशाह के स्वागत में जरा भी कमी होती तो कई सवाल उठ खडे होते. सितम्बर के अंतिम सप्ताह में भारतीय क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका में 20-.20 विश्व कप जीतकर स्वदेश लौटने पर मुंबई में भव्य स्वागत हुआ था. इसलिये सबको आनंद की वापसी पर वैसे ही स्वागत का इंतजार था. हालांकि आनंद मैक्सिको में विश्व चैंम्पियनशिप जीतने के 15 दिन बाद स्वदेश लौटे लेकिन उन्हें निराश नहीं होना पड़ा. खुद अपने स्वागत से अभिभूत आनंद ने कहा कि यह सब अद्भुत था. मुझे तो उम्मीद नहीं थी कि इतनी देर रात इतने लोग मेरे स्वागत के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद होंगे. वर्ष 2004 में एथेंस ओलंपिक से रजत पदक जीतकर स्वदेश लौटे निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह राठौर और 2006 दोहा एशियाई खेलों से तीन स्वर्ण जीतकर स्वदेश लौटने पर निशानेबाज जसपाल राणा को महानायक जैसा भव्य स्वागत मिला था, वैसा ही स्वागत स्वदेश वापसी पर आनंद का हुआ.