अहमदाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर कंगारूओं को मात देकर लौटी टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आज घुटने टेकने को मजबूर कर दिया।
अहमदाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर कंगारूओं को मात देकर लौटी टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आज घुटने टेकने को मजबूर कर दिया।
अहमदाबाद में आज से शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय शेर महज 76 के स्कोर पर ढेर हो गये। दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका को 147 रनों की बढ़त मिल चुकी थी।
दक्षिण अफ्रीका ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाते हुए पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर 223 रन बना लिए। जैक केलिस 60 रन जबकि ए. बी. डिविलियर्स 59 रन बनाकर मैदान पर डटे हुए हैं।
इस टेस्ट मैच में भारत की वापसी अब बेहद मुश्किल नजर आ रही है। इसके लिए भारतीय खिलाड़ियों को जीतोड़ मेहनत करनी पड़ेगी। हालांकि मैच के पहले दिन के खेल में भारतीय खिलाड़ियों में यह अभाव साफ तौर पर नजर आया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कप्तान अनिल कुबले को भारी पड़ा। अफ्रीकी तेज गेंदबाजों ने पिच की नमी और मौजूद घास का भरपूर फायदा उठाया और मात्र 20 ओवरों में ही पूरी भारतीय टीम को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में यह अब तक न्यूनतम स्कोर है।
भारत की ओर से सिर्फ दो बल्लेबाज ही 10 के आंकड़े को पार कर पाये। सचिन तेंदुलकर की जगह टीम में शामिल किये गये ऑलराउंडर खिलाड़ी इरफान पठान ने सर्वाधिक 21 रन बनाये।
विकेटकीपर बल्लेबाज महेन्द्र सिंह धोनी ने 14 रन बनाये। भारतीय टीम की ओर से चार खिलाड़ी शून्य के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हुए।
डेल स्टेन ने टेस्ट मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहली बार पांच विकेट चटकाए। जबकि मखाया नतीनी ने महज 18 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
जैसे-जैसे दिन बीतता गया पिच ने करवट लेना प्रारंभ कर दिया। कप्तान ग्रीम स्मिथ ने नील मैकेंजी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। स्मिथ 34 रन बनाकर श्रीसंत के शिकार हुए जबकि मैकेंजी 42 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हुए।
मैकेंजी को हरभजन ने आउट किया। इसके बाद हरभजन ने हासिम अमला और एश्वेल प्रिंस को सस्ते में चलता किया। लेकिन कैलिस और डिविलियर्स ने सधी हुई बल्लेबाजी की और दक्षिण अफ्रीका को बढ़त दिलाने में वह सफल रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*