नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को होने वाली ओलंपिक मशाल दौड़ में हिस्सा लेने वाले धावकों के नाम भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने गुप्त रखे हैं।
उम्मीद की जा रही है कि संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी दौड़ की पूर्व संध्या पर धावकों के नाम जारी करेंगे।
लंदन और पेरिस में चीन विरोधी प्रदर्शन के बाद भारत सरकार और आईओए ने दौड़ के मार्ग और धावकों को लेकर फेरबदल किया है। इससे पूर्व करीब 80 व्यक्तियों के नाम धावकों के तौर पर थे।
सूचना है कि संशोधित सूची में 40 ही नाम हैं। धावकों में बीजिंग ओलंपिक के प्रायोजकों सैमसंग, लेनोवो और कोका-कोला के ब्रांड अम्बेसडर भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि अभी तक केवल 14 धावकों के ही नाम घोषित किए गए हैं। इनमें आईओए की ओर से सचिन तेंदुलकर, फुलेला गोपीचंद, शाइनी विल्सन, मिल्खा सिंह और अंजू बॉबी जॉर्ज हैं।
सैमसंग की ओर से पी. टी. ऊषा, राजिंदर सिंह रहेलू, अभिनव बिंद्रा, मानवजीत सिंह संधु, अयान अली खान और सागरिका घाटगे।
लेनोवो की ओर से सैफ अली खान और सोहा अली खान और कोका कोला की ओर से आमिर खान हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।