नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत डेविड सी. मल्फोर्ड ने सबसे तेज गेंद फेंकने वालों की तलाश वाली राष्ट्रव्यापी बेसबॉल प्रतियोगिता 'मिलियन डॉलर आर्म हंट' जीतने वाले दो युवा भारतीयों की आज खूब प्रशंसा की।
मल्फोर्ड ने कहा, "यह इन युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका है। साथ ही यह मेजर लीग बेसबॉल के लिए भी सुनहरा मौका है।"
उन्होंने कहा, "मेजर लीग बेसबॉल में अन्य देशों के कई प्रतियोगी होते हैं, लेकिन अभी तक भारत की ओर से कोई खिलाड़ी नहीं था।"
प्रतियोगिता जीतने वाले दो युवा, रिंकु बहरामदीन सिंह और दिनेश कुमार पटेल शीर्ष बेसबॉल पेशेवरों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए शीघ ्रही कैलिफोर्निया जाएंगे।
गौरतलब है कि 'मिलियन डॉलर आर्म हंट' प्रतियोगिता की शुरुआत भारत में दिसंबर 2007 को हुई थी। इसमें भारत की ओर से सबसे तेज गेंद फैंकने वाले की तलाश की जानी थी।
दोनों विजेताओं को अमेरिका की एक अग्रणी खेल लीग के साथ प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इसके लिए उनके साथ 1 लाख डॉलर का अनुबंध किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।