कनाडा के छात्रों की बीजिंग ओलंपिक के पक्ष में दौड़
ओटावा, 4 मई (आईएएनएस)। कनाडा में विश्वविद्यालयों के एक हजार से अधिक अंतर्राष्ट्रीय विद्यार्थियों ने शनिवार को ओटावा के पार्लियामेंट हिल पर जमा होकर आगामी बीजिंग ओलंपिक के पक्ष में "बीजिंग-वैंकूवर ओलंपिक दौड़" में शिरकत की।
विद्यार्थियों ने कनाडा और चीन के झंडे लेकर दो किलोमीटर की दौड़ से शुरुआत की।
इस दौड़ से पूर्व पढ़े गए एक खुले पत्र में कनाडाई जनता और युवाओं से ओलंपिक को राजनीति से दूर रखने का आह्वान किया गया।
पत्र में कहा गया है, "ओलंपिक मुहिम भिन्न देशों के बीच मैत्री और सौहार्द स्थापित करती है। ओलंपिक को राजनीतिक तौर पर इस्तेमाल किया जाना उसकी प्रकृति के खिलाफ है।"
पत्र में ओलंपिक को उसके मूल रूप में बचाए रखने की अपील की गई है।
दौड़ में भारत, फ्रांस, कोलंबिया, चीन और पुर्तगाल सहित भिन्न देशों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने इस अवसर पर "एक विश्व, एक स्वप्न", "सेलिबट्र इन बीजिंग, वैलकम इन वैंकूवर" और "बीजिंग, वैंकूवर, कनाडा, चाइना, फ्रैंडशिप फॉरएवर" के नारे लगाए।
इस अवसर पर ओटावा में पढ़ने वाले एक चीनी-कनाडाई विद्यार्थी दाइयू वांग ने कहा, "केवल चीनी ही नहीं, अन्य देशों के छात्र भी ओलंपिक स्लोगन "एक विश्व, एक स्वप्न" में विश्वास रखते हैं।"
वांग के अनुसार बीजिंग-कनाडा दौड़ मैत्री, सौहार्द और ईमानदारी का प्रतीक है। इस आयोजन से दुनिया भर के युवाओं को एक प्रेरणा मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications